इंडियन रीजनल

घर में आलू के वेफर्स बनाना है बहुत आसान

बच्चों को आलू के वेफर्स बहुत पसंद आते हैं। आए दिन बाजार से खरीद कर देने से बेहतर है कि आप घर में ही आलू के वेफर्स बनाएं।

2 min read
Dec 30, 2017
potato wafers
potato wafers

बच्चों को आलू के वेफर्स बहुत पसंद आते हैं। आए दिन बाजार से खरीद कर देने से बेहतर है कि आप घर में ही आलू के वेफर्स बनाएं। आप एक साथ ज्यादा मात्रा में आलू के वेफर्स बना कर और सुखा कर रख सकते हैं और फिर बच्चे जब वेफर्स की जिद करें और उन्हें घर में ही वेफर्स तल कर दे सकते हैं। इन वेफर्स के ऊपर अपना मनपसंद मसाला छिडक़ा जा सकता है। यहां पढ़ें आलू के वेफर्स बनाने की रेसिपी -

सामग्री -

आलू- 3 (500 ग्राम) (छिले हुए)
तेल- वेफर्स तलने के लिए
नमक- चिप्स पर बुरकने के लिए
काली मिर्च- वेफर्स पर बुरकने के लिए

विधि -

आलू के वेफर्स बनाने के लिए सबसे पहले आलू के चिप्स काटकर तैयार कर लीजिए। इसके लिए, एक बड़े प्याले में पानी ले लीजिए। चिप्स कटर उठाइए और इसे प्याले पर रखिए। एक आलू लीजिए और चिप्स काट लीजिए। इसी तरह बाकी आलू के चिप्स को भी काट लीजिए। इन्हें 15 से 20 मिनिट के लिए पानी में डूबे रहने दीजिए।

20 मिनिट बाद, चिप्स को पानी में से निकालकर सुखा लीजिए। इसके लिए, एक ट्रे पर सूती कपड़ा बिछा लीजिए और इस पर एक-एक करके सारे चिप्स पानी से निकालकर रख दीजिए ताकि इनमें से अतिरिक्त पानी कपड़ा सोख ले। अब, इन्हें 15 से 20 मिनिट के लिए पंखे की हवा में सुखा लीजिए ताकि ये फरेरे होकर तैयार हो जाएं। बाद में, चिप्स को कपड़े से अच्छे से पौंछ लीजिए।

चिप्स तलने के लिए, गैस पर कड़ाई में तेल डालकर गरम होने रख दीजिए। तेल गरम होने पर इसे चैक कर लीजिए। इसके लिए, कड़ाई के ऊपर हाथ ले जाकर देखिए, अच्छी हीट आ रही है, तो तेल गरम हो गया है। तेल में एक-एक करके कड़ाई के अनुपात के अनुसार चिप्स तलने के लिए डाल दीजिए।

चिप्स को कलछी से हल्का सा दबा-दबाकर मध्यम आंच पर क्रिस्पी होने तक तल लीजिए। चिप्स को बीच-बीच में कलछी से चला लीजिए। जैसे ही चिप्स क्रिस्पी होकर तैयार हो जाएं, वैसे ही इन्हें कड़ाई के ऊपर ही एक छलनी में निकाल लीजिए ताकि अतिरिक्त तेल कड़ाई में ही वापस चला जाए। इसके बाद, चिप्स को प्लेट पर रखी हुई छलनी में डाल दीजिए। इसी तरीके से सारे चिप्स तलकर तैयार कर लीजिए और गैस बंद कर दीजिए। एक बार के चिप्स तलने में करीब 5 से 6 मिनिट लग जाते हैं।

इन चिप्स पर थोड़ा सा नमक और थोड़ा सी काली मिर्च बुरक लीजिए और छलनी में चिप्स को हिला-हिलाकर मिक्स कर लीजिए। आलू के चिप्स तैयार हैं, इन्हें एक प्लेट में निकाल लीजिए। एकदम कुरकुरे वेफर्स को पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी एअर-टाइट डिब्बे में भरकर स्टोर कर लीजिए और पूरे 15 से 20 दिनों तक मजे से खाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।