अगर आपने भी घर में किट्टी पार्टी रखी है और स्नैक्स या स्टार्टर्स में क्या सर्व करें यह तय नहीं कर पा रहे हैं, तो सूजी की कचौरी बेस्ट ऑप्शन हो सकता है।
अगर आपने भी घर में किट्टी पार्टी रखी है और स्नैक्स या स्टार्टर्स में क्या सर्व करें यह तय नहीं कर पा रहे हैं, तो सूजी की कचौरी बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यह बहुत ही स्वादिष्ट बनती है और आप चाहें तो इसे छोटे आकार में बना सकते हैं, ताकि हर कोई बेहिचक इसे खा सके। यहां पढ़ें सूजी की कचौरी की रेसिपी -
सामग्री -
सूजी - 1 कप (180 ग्राम)
आलू - 4 (300 ग्राम) उबले हुए
तेल - कचौरी तलने के लिए और सूजी में डालने के लिए
हरा धनिया - 1-2 टेबल स्पून
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम
अजवायन - 1/4 छोटी चम्मच
गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच से कम
हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
अदरक - 1 इंच (बारीक कटा हुआ)
नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि -
उबले हुए आलूओं को प्याले में डालकर मैश कर लीजिए और इसमें 1/2 छोटी चम्मच नमक, अदरक, धनिया पाउडर, अमचूर, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च, गरम मसाला और थोडा़ सा हरा धनिया डालकर सभी चिजों को अच्छे से मिला लीजिए, स्टफिंग तैयार है।
सूजी को गूंथने के लिए, भगोने में 2 कप पानी डाल कर, गरम करने के लिये रख दीजिए, पानी में उबाल आने पर, इसमें अजवायन, 1/2 छोटी चम्मच नमक और १ टेबल स्पून तेल डाल दीजिए और अब इसमें धीरे-धीरे सूजी डालकर मिक्स करते जाएं।
सूजी को लगातार चलाते हुए धीमी गैस पर गाढा़ होने तक पका लीजिए। सूजी के गाढा़ होने पर गैस बंद कर दीजिए और इसे नीचे उतार, चलाते हुए हल्का ठंडा होने दीजिए। जब यह हल्का ठंडा होने लगे और हाथ से गूंथा जा सके तब हाथ पर थोडा़ सा तेल लगाते हुए इसे अच्छे से गूंथ कर तैयार कर लीजिए। आटा तैयार है, अब इस आटे से एक छोटे नींबू के बराबर लोइयां तोड़ कर तैयार कर लीजिए।
अब एक लोई को हाथ से बढ़ाएं, और थोडा़ सा गड्ढा़ करते हुए इसमें 1-1 1/2 छोटी चम्मच स्टफिंग भर कर बन्द कर दीजिए। अब इस भरी हुई लोई को दूसरी हाथ की हथेली से दबा कर चपटा करके कचौरी का आकार दीजिए और थाली में एक ओर रख दीजिए। सारी लोई इसी तरह भरकर चपटा करके रख लीजिए।
कढ़ाई में तेल डालकर मीडियम गरम कीजिए। गरम तेल में कचौरी को डालिए। एक बार में कढा़ई में जितनी कचौरी आ जाएं उतनी कचौरी डाल दीजिए। कचौरी को पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए, तली हुई कचौरी निकाल कर, प्लेट में बिछे नेपकिन पेपर पर रखिए। इसी तरह सारी कचौरीयां तल कर तैयार कर लीजिए। सूजी की कचौरी बनकर के तैयार हैं, इन्हें आप हरे धनिए की चटनी या टमैटो सॉस के साथ परोसिए और खाइए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।