इंदौर

Indore News : इंतजार खत्म, कनाड़िया से खजराना तक बनेगी 60 फीट चौड़ी लिंक रोड

link Road : पांच साल बाद आया मुहूर्त, खजराना गणेश मंदिर तक बनेगा सीधा रास्ता, मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना मद से विधायक ने दिए 10 करोड़ रुपए।
2 min read
link Road
link Road (कनाड़िया से खजराना तक बनेगी लिंक रोड Photo Source- Patrika)

Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर में कनाड़िया से खजराना गणेश मंदिर के बीच बनने वाली लिंक रोड का इंतजार अब खत्म होने गया है। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना मद से क्षेत्रीय विधायक ने 10 करोड़ रुपए सड़क बनाने के लिए दे दिए हैं, जिसके बाद एमआइसी में प्रस्ताव रखा जाने वाला है। इसमें पहले किए गए टेंडर को निरस्त कर नया टेंडर बुलाने को मंजूरी दी जाएगी। करीब 1.5 किमी लंबी और 60 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिसकी योजना पांच साल पहले बनी थी। इसके बनने से कनाड़िया से खजराना गणेश मंदिर के बीच एक नया रोड तैयार हो जाएगा, जिससे रिंग रोड का लोड भी कम होगा।

कनाड़िया रोड पर प्रेम बंधन गार्डन के सामने से गोयल नगर होते हुए खजराना गणेश मंदिर पार्किंग तक लिंक रोड निर्माण की ह्रश्वलानिंग निगम योजना शाखा ने साल 2022 की थी। 18 मीटर यानी 60 फीट चौड़ी और लगभग 1350 मीटर यानी 1.5 किलो मीटर लंबी सड़क बनाने की ह्रश्वलानिंग पर काम शुरू किया गया। रोड निर्माण के लिए टेंडर जारी करने के साथ मंजूर कर दिए गए।

हाईकोर्ट पहुंच चुका मामला

2023 में रोड की खुदाई कर समतल करने का काम शुरू कर दिया गया था। साथ ही बाधित पेड़ों की शिफ्टिंग भी हो गई थी। रोड निर्माण का काम चल ही रहा था कि जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक व्यक्ति ने सड़क निर्माण में उसकी निजी जमीन लेने का आरोप लगाया और मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट से स्टे होने के कारण रोड निर्माण कार्य रुक गया। ऐसे में रोड को बनाने के प्रयास निगम लगातार करता रहा और अब जाकर सफलता मिली है। निगम अफसरों के अनुसार जिस व्यक्ति ने अपनी जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया था, उसने सड़क बनाने की सहमति दे दी है। इसके लिए निगम को रोड का अलाइनमेंट थोड़ा चेंज करना पड़ा है।

दूरी होगी कम और बचेगा समय

वर्तमान में कनाड़िया एवं पूर्वी क्षेत्र के लोगों को खजराना गणेश मंदिर में दर्शन करने जाने के लिए पहले बंगाली चौराहा और फिर खजराना चौराहा होते हुए पहुंचना पड़ता है। कनाडिय़ा रोड पर प्रेम बंधन गार्डन शासकीय भूमि के रास्ते गोयल नगर होते हुए खजराना गणेश मंदिर तक लिंक रोड बनने से लोगों को काफी फायदा होगा, कनाडिय़ा एवं अन्य क्षेत्र के लोग सीधे ही खजराना गणेश मंदिर की पार्किंग तक कम समय और कम दूरी में पहुंच जाएंगे।

नया एसओआर आने से बढ़ी लागत

इधर, जमीन को लेकर विवाद खत्म होने के चलते पिछले पांच साल से अटके इस लिंक रोड बनाने का जहां रास्ता साफ हो गया है, वहीं क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने सड़क बनाने के लिए निगम को मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना मद से 10 करोड़ रुपए दिए हंै। निगम को दिए जा रहे 10 करोड़ रुपए से रोड बनाने की स्वीकृति लेने और रोड निर्माण को लेकर पहले किए गए टेंडर को खत्म कर नया बुलाने को लेकर निगम योजना शाखा की तरफ प्रस्ताव कल होने वाली एमआइसी की बैठक में रखा जाएगा। अफसरों का कहना है कि नया एसओआर (शेड्यूल ऑफ रेट) आने से रोड निर्माण की लागत बढ़ गई है। पहले सड़क करीब 9 करोड़ रुपए में बन रही थी, लेकिन अब करीब 12 करोड़ रुपए में बनेगी। बाकी के 2 करोड़ रुपए राज्य शासन से मांगे जाएंगे।

Updated on:
12 Aug 2026 02:08 pm
Published on:
12 Aug 2026 02:07 pm