
Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में जल्द ही 70 नए स्थानों पर मार्ग संकेतक (गेंट्री गेट) का निर्माण किया जा रहा है। नगर निगम अपनी इनकम बढ़ाने को लेकर मार्ग संकेतक का निर्माण करने जा रहा है, जिन पर 10 साल तक विज्ञापन करने का ठेका दिया जाएगा। मार्ग संकेतक का निर्माण करने और विज्ञापन के लिए ठेके पर देने को लेकर टेंडर बुलाने की मंजूरी का प्रस्ताव मेयर - इन - कौसिंल (एमआइसी) में पहुंच गया है। 17 अगस्त को होने वाली एमआइसी की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा करने के बाद फैसला लिया जाएगा।
दूसरे राज्य और शहर से इंदौर आने वाले राहगीरों और यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने कई जगहों पर मार्ग संकेतक लगाए हैं। रात में आने वाले अनजान यात्री आसानी से गेंट्री गेट पर लिखे स्थानों को देखकर आगे जा सकें, इसके लिए मार्ग संकेतक बनाए गए हैं, मगर मार्ग संकेतक पर राजनीतिक लोगों के जन्मदिन, रैली-जुलूस और अन्य आयजनों के बैनर पोस्टर लग जाते हैं। बैनर - पोस्टर इतने बड़े लगाए जाते हैं कि, कौनसी दिशा किस ओर जा रही है इसकी जानकारी नहीं लग पाती। ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों को इधर-उधर पूछकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पढ़ता है।
वैसे, निगम गेंट्री गेट पर लगे बैनर-पोस्टर हटाने की कार्रवाई करता है, मगर होर्डिंगबाज नेता नहीं मानते और फिर से मार्ग संकेतक पर बैनर - पोस्टर के जरिए लटक जाते हैं। ऐसे में निगम शहर की 70 जगहों पर नए मार्ग संकेतकों का निर्माण करने जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, यातायात को सुव्यवस्थित करना और राजस्व बढ़ाना है।
मामले में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल का कहना है कि, शहर के विभिन्न स्थानों पर शहरी यातायात एवं नागरिकों की सुविधा के लिए 70 नए मार्ग संकेतकों का निर्माण किया जा रहा है। मार्ग संकेतक का निर्माण करने और 10 साल तक विज्ञापन के लिए ठेके पर देने को लेकर टेंडर बुलाने की मंजूरी का प्रस्ताव 17 अगस्त को होने वाली एमआइसी की बैठक में मंजूरी को लेकर रखा गया है। एमआइसी से प्रस्ताव स्वीकृत होते ही टेंडर बुलाए जाएंगे।
सिंघल ने कहा कि, नए मार्ग संकेतक को लेकर ऐसी पॉलिसी बनाई जाएगी, जिसमें विज्ञापन के जरिए निगम की इनकम भी हो जाए और बाहर से आने वाले लोगों को अपने गंतव्य पहुंचने में दिक्कत न हो। मार्ग संकेतक ऐसे लगाए जाएंगे, जो कि दूर से साफ दिखेंगे और मजबूत होंगे। विज्ञापन के लिए खास जगह तय होगी।