-प्रशासन ने बनाई बकायादारों की सूची, अब होगी सख्ती से वसूली
इंदौर. सरकार की सख्ती के बाद आखिरकार प्रशासन को डायवर्शन टैक्स वसूली की गणना करना पड़ी। सरकार ने 160 करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य दिया था। प्रशासन ने बकायादारों की सूची बनाई तो यह राशि 167 करोड़ रुपए के आसपास निकली। इसमें अनेक भूस्वामी व कॉलोनाइजर हैं।
सबसे ज्यादा करीब 58 करोड़ रुपए विजय नगर अनुभाग में वसूलना हैं। पंचायत, छोटे व नियमित जमा करने वाले बकायादारों की सूची भी तैयार कर रहे हैं। सभी तहसीलदारों को जवाबदारी दी गई है। माह के अंत तक डायवर्शन टैक्स के लिए शिविर लगाए जाएंगे। एेसे भूस्वामियों की भी तलाश की जा रही है, जो जमीन का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं, मगर डायवर्शन नहीं करवाया।
जानकारी के अनुसार, सरकार ने खजाना भरने के लिए सभी तरह के टैक्स सख्ती से वसूलने के आदेश दिए हैं। कलेक्टर लोकेशकुमार जाटव ने रिकॉर्ड दिखवाया तो सरकार की मांग से ज्यादा वसूली निकली। यह वसूली 10 अनुभाग के 300 बड़े बकायादारों से निकाली गई है। छोटी-छोटी राशि वाले अलग हैं। पंचायतों के खातों में वसूली बाकी है। अपर कलेक्टर पवन जैन के अनुसार, इसमें नए क्षेत्रों पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। प्रमुख क्षेत्रों में राऊ, तलावली चांदा, निपानिया, ट्रांसपोर्ट हब, लसूडि़या मोरी, खजराना, कनाडि़या, बिचौली हप्सी, बिचौली मर्दाना, अरंडिया, मांगलिया, छोटा व बड़ा बांगड़दा आदि हैं। इन स्थानों पर शिविर भी लगाए जाएंगे। बड़े बकायादारों से वसूली नहीं होने पर कुर्की तक की कार्रवाई की जाएगी।
300 बड़े बकायादारों पर बकाया
अनुभाग राशि
राऊ 20.6
जूनी इंदौर 907
मल्हारगंज 4.19
संयोगितागंज 17.8
कोतवाली 11.7
विजय नगर 58.2
कंपेल-खुड़ैल 11.1
महू 14.9
देपालपुर 2.5
हातोद 3.8
सांवेर 204
(राशि करोड़ में)