
मां और तीन साल की बच्ची के सिर पर लगाई पिस्टल, बोला - चिल्लाई तो जिंदा नहीं बचोगे
इंदौर. तिलक नगर इलाके में घर के पिछले दरवाजे से घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला को चाकू व पिस्टल दिखाकर डराया। महिला नहीं डरी तो नकाबपोशों ने मां और तीन साल की बेटी पर पिस्टल तान दी और बोला चिल्लाई तो यहीं जान से मार देंगे और नकदी व सोने की मंगलसूत्र लेकर भाग निकले।
तिलक नगर इलाके की गणेशधाम कॉलोनी निवासी रिटायर नगर निगम दरोगा विष्णुकुमार बिड़ला प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करते हैं। बुधवार दोपहर 12 बजे ग्राहक को प्रॉपर्टी बताने के लिए निकले, 15 मिनट बाद पत्नी मीना भी पास ही दुकान पर साड़ी देखने चली गईं। घर के पीछे के दरवाजे से दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसे। बहू भारती को चाकू दिखाकर घर की तलाशी ली। गादी के नीचे रखा सोने का मंगलसूत्र व दस हजार रुपए लेकर भाग निकले। भारती ने पति रितेश को फोन कर घटना बताई।
विष्णु के तीन बेटे हैं, सभी की शादी हो चुकी है। तीनों बेटे व दो बहू नौकरी करते हैं। घर पर अक्सर पत्नी मीना व बहू भारती ही रहते हैं। घटना की जानकारी डॉयल 100 पर दी तो पुलिस आई। तिलक नगर टीआई राधा जामोद, टीआई अनिल सिंह चौहान व स्टाफ वहां पहुंचा। घर के पास सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस देख रही है। भारती की रिपोर्ट पर तिलक नगर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
चिल्लाई तो मार डालेंगे
मैं बेडरूम में थी। तभी हाथ में चाकू व पिस्टल लिए एक नकाबपोश बदमाश आया और बोला कि चिल्लाई या मोबाइल को हाथ लगाया तो मार डालेंगे। पलंग पर 3 साल की बेटी कामक्शी सो रही थी। बेटी की जान को खतरा देख बदमाशों से कहा कि जो सामान चाहिए ले जाओ, बस हमें कुछ मत करना। साथी बदमाश पहले एक कमरे में गया। यहां अलमारी में लॉक देखकर हाल में आया।
पलंग में गादी के नीचे दस हजार रुपए व सोने का मंगलसूत्र मिला। इस पर उसने चाकू अड़ाकर खड़े साथी को कहा, चलो काम हो गया। इसके बाद आगे के गेट से होते हुए दोनों भाग निकले। कमरे में रखी सिलाई मशीन भी उन्होंने चलाई, खराब होने से वापस रख दिया। करीब पांच मिनट तक दोनों बदमाश घर में रहे। उन्होंने कपड़े से मुंह व सिर को बांध रखा था। हाथ में ग्लब्ज भी पहने थे। दोनों की कद काठी लंबी थी। आपस में उन्होंने कोई बात नहीं की। जिस बदमाश ने हथियार दिखाकर धमकाया, उसने भी आवाज बदलकर बात की। एक पल लगा कि बदमाश से भिड़ जाऊं पर बेटी की सुरक्षा के चलते चुपचाप बैठी रही।
Published on:
9 Aug 2019, 2:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.