Big preparations of state Congress for Rahul Priyanka's meeting in MP एमपी में राहुल प्रियंका की सभा के लिए प्रदेश कांग्रेस की बड़ी तैयारी
एमपी में 27 जनवरी यानि सोमवार को राजनीति चरम पर होगी। इस दिन इंदौर के पास महू में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस की सभा होगी। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में गांधी नगर चौराहे पर मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान व हितग्राही सम्मेलन रखा गया है जहां एक लाख की भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकारी कार्यक्रम में लोगों को लाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इधर कांग्रेस भी अपने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी है। राहुल प्रियंका के कार्यक्रम को देखते हुए कई होटलें बुक कर ली गई हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की डॉ. भीमराव आंबेडकर पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस महू में जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली निकालने जा रही है। रैली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे। सभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस नेता पुरजोर प्रयास कर रहे हैं।
महू में होने वाली कांग्रेस की सभा के लिए इंदौर के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। शहर-जिला कांग्रेस ने इंदौर की होटलों में करीब 300 कमरे बुक किए हैं। 200 से अधिक कारें भी नेताओं को लाने ले जाने में लगाई जाएंगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि शनिवार को कई नेताओं ने इंदौर में आमद दे दी। रविवार शाम तक कई और नेता आ गए। राजकुमार पटेल और अरविंद बागड़ी ने बताया कि सोमवार को होने वाली सभा में आनेवाले लोगों, कार्यकर्ताओं के लिए करीब 1 लाख भोजन पैकेट बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
कार्यक्रम के लिए राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कई इलाकों में बैठकें लीं। वे सबसे पहले वार्ड 76 पहुंचे और लोगों को महू आने को कहा। इसके बाद आंबेडकर नगर में महिलाओं से संवाद किया और अपना मोबाइल नंबर देकर कहा कि वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह भी इंदौर से महू पहुंचे। पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि 400 पार का नारा लगाने वाले जब 240 पर आए, तब उन्हें संविधान की शक्ति का अहसास हुआ। राहुल गांधी की संसद की सदस्यता छीनी गई, तब इन्हें संविधान की याद नहीं आई। इस समय देश में नरेंद्र मोदी की तानाशाही वाली हुकूमत चल रही है, जो संविधान को बदलना चाहती है, लेकिन हम इनके मंसूबे सफल नहीं होने देंगे। भाजपा बौखला गई है और आयोजन को विफल करने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। संविधान की रक्षा के लिए लाखों लोग बाबा साहब की जन्मस्थली पर जुटेंगे।