
BJP Internal Review Meeting- भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक कसावट का दौर शुरू हो गया है। जिनको पद दिए गए हैं वे लोग ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं, उसकी समीक्षा की जा रही है। अच्छा काम करने वालों को आने वाले समय में पुरस्कृत किया जाएगा, तो निकम्मों की छुट्टी की जाएगी। नए कार्यकर्ता को मौका दिया जाएगा। इधर, सभी को साफ कर दिया कि लर्निंग डिजिटल प्लेटफॉर्म एप डाउनलोड कर अपनी गतिविधियों को डालें।
इंदौर की होटल सोलारिस में बीजेपी पदाधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, कृष्णमुरारी मोघे, जीतू जिराती, गोपी नेमा, सुदर्शन गुप्ता और राकेश सिंह यादव प्रमुख नेता भी शामिल थे।
इस अहम बैठक में कई जिम्मेदार पदाधिकारी नदारद थे, जिसमें आधे मंडल अध्यक्ष थे। इस पर नगर अध्यक्ष मिश्रा का कहना था कि बैठकों व कार्यक्रमों में नहीं आने वालों पर अब सख्ती की जाएगी। संगठन उन पर कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगा। वे बोले कि मेरे पास ऐसे पदाधिकारियों की सूची है जो कि अधिकांश आयोजनों में नहीं आते हैं। आते भी हैं तो सिर्फ औपचारिकता पूरी करते हैं। ऐसे लोग सुधर जाएं नहीं तो हटाया जाएगा, जिसमें बुरा मानने की कोई बात नहीं है, जो काम करेगा उसे मौका दिया जाएगा। किसी के काम नहीं करने से संगठन का काम रुकने वाला नहीं है। गौरतलब है कि एक दर्जन से अधिक मंडल अध्यक्ष है जो कि संगठन के काम में रुचि नहीं ले रहे हैं जो कि विधायक की पसंद से बनाए गए थे। सभी पर गाज गिरने की संभावना है।
इंदौर नगर भाजपा के प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी ने मंडल के प्रभारियों से एक-एक कर पूछना शुरू किया। सवाल था आपके मंडल में कितने शक्ति केंद्र हैं और कितने बूथ हैं? चौंकाने वाली बात ये है कि अधिकांश प्रभारी सही जवाब नहीं दे पाए। इस पर सोलंकी का कहना था कि आप सबसे पहले अपने दायित्व का अध्ययन करे। लर्निंग डिजिटल एप पर बूथों पर होने वाले प्रवास की जानकारी डालें।
चर्चा के दौरान सोलंकी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुख-दुख व विपत्ति के समय भी खड़े रहें तो वह कार्यकर्ता पूरी ताकत से संगठन को सशक्त करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि जो दिल से काम करता हैं वही लोगों के दिलों पर राज करता हैं। मिश्रा का सीट पर शंकर का मोबाइल बैठक में विधायक गोलू शुक्ला देरी से पहुंचे। जब वे मंच पर आ रहे थे तब नगर अध्यक्ष मिश्रा की कुर्सी ही खाली थी, जिसकी तरफ शुक्ला को बढ़ता देख सांसद शंकर लालवानी ने उस पर मोबाइल फोन रख दिया। नगर अध्यक्ष की कुर्सी बचाने की बात सोलंकी ने चर्चा के दौरान कही, जिस पर जमकर ठहाके लग गए। इधर, मंच पर थोकबंद नेता बैठे नजर आए, जबकि समीक्षा बैठक में प्रमुख ही होना चाहिए।
ग्रामीण भाजपा की समीक्षा बैठक दीनदयाल भवन में हुई, जिसमें जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा ने लेखा-जोखा पेश किया। उस दौरान ये बात निकलकर आई कि कुछ जिम्मेदार अपने दायित्व का निर्वहन नहीं कर रहे हैं जिसमें दो मंडल अध्यक्ष भी हैं। एक महू तो दूसरा देपालपुर विधानसभा से ताल्लुक रखता है। बताया जा रहा है कि दोनों की छुट्टी हो सकती है।