
bjp leader govind malu passes away :लोकसभा चुनाव 2024 के चुनावी प्रचार के बीच मध्य प्रदेश भाजपा की ओर से दुख भरी खबर सामने आई है। बता दें कि, पार्टी के प्रदेश स्तरीय कद्दावर नेता और प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू ( Govind Malu ) का बुधवार - गुरुवार की दरमियानी रात को आकस्मिक निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि, अचानक आए कार्डियक अरेस्ट के चलते उनकी मृत्यु हुई है। फिलहाल, मालू की अंतिम यात्रा ( last journey ) गुरुवार सुबह 10:30 बजे मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में स्थित उनके निज निवास 175-179 ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी पिपलियाहाना से रीजनल पार्क मुक्तिधाम ( Regional Park Muktidham ) ले जाई जाएगी।
आपको बता दें कि, गोविंद मालू खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी भी रहे हैं। अभी वो पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन पर पार्टी नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू मीडिया और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष जोरदार तरीके से रखते थे। आकस्मिक निधन से 12 घंटे पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर निशाना साधा था।
गोंविद मालू ने 12 घंटे पहले कांग्रेस और इंडि गठबंधन पर हमला बोला था। उन्होंने एक्स कर लिखा था- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर शहीद की शहादत की कुर्बानी, वोट की बलिवेदी पर देते हुए शहीद हेमंत करकरे को आतंकवादियों की गोली से नहीं पुलिस की गोली से मृत बताते हैं।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो.रामगोपाल राम मंदिर को बेकार बताते हुए, बाबरी-परस्ती की परस्तीश में बेकरार हो, सनातन-राम को निशाना बनाते हैं, क्यों?
राष्ट्रिय जनता दल सुप्रीमो लालूप्रसाद यादव मुसलमानों को आरक्षण देने की वकालत करते हैं। क्यों? अजा-जजा आरक्षण खत्म करने की साजिश कौन रच रहा है?
बहन कु. मायावती कहती हैं मुफ्त अनाज बंद कर देंगी, क्योंकि मोदी सरकार मकान, मुफ्त अन्न, स्वास्थ्य आयुष्मान योजना दलितों-गरीबों, मुस्लिमों को भी बराबर के हक से दे रही है। जो इन लोगों ने वोट बैंक समझ रखा है।
जिन्होंने देश को तो क्या, अपनी पार्टी के संविधान को ताक में रखा वे आज संविधान की किताब लहरा कर डर बता रहें हैं। जबकि संविधान की मूल आत्मा को खत्म करने की साजिश इंदिराजी ने रची थी, भूल गए केशवानंद भारती केस का निर्णय। देश को याद है राहुल गांधीजी। आपके मुंह से आम्बेडकर जी का नाम शोभा नहीं देता।
वे करते तुष्टिकरण, हम करते संतुष्टिकरण जब मोदी दहाड़ते हैं तो इनकी जमीन में भूकंप आ जाता है। मोदीजी जहां जाते हैं, सांस्कृतिक राष्ट्र की आधारशीला के वृक्ष को पानी देते हैं, काशी, महाकाल, मथुरा, धार की भोजशाला हो या कोई भी शक्ति पीठ।
बाबरी के सिपाहसालर, इस्लामिक राष्ट्र बनाने के, इरादों और पौधे को सींचते हैं। सत्ता के लिए वोट बैंक के लिए वर्ग विभाजन के लिए।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू के अंतिम संस्कार में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, दो दिन पहले धार में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में हम साथ थे। उन्होंने पार्टी में कई जिम्मेदारियां निभाईं। सभी को साथ लेकर चलने वाले जिंदादिल व्यक्ति का जाना भाजपा के लिए बड़ी क्षति है। संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा, वे हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाते थे।
भाजपा नेता गोविंद मालू के निधन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी.डी शर्मा ने दुख व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि 'खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष, भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री गोविन्द मालू के आकस्मिक निधन का दुखद एवं हृदय विदारक समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति!'
वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा नेता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि 'खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष, भाजपा के पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री गोविंद मालू जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुःखद है। ईश्वर से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति!'