इंदौर

Run Marathon Indore: इंदौर की सड़कों पर दौड़े 20 हजार से ज्यादा लोग, CM बोले- ‘नशे को कहे न फिटनेस को कहे हां…’

Run Marathon Indore: इंदौर में आज ‘वन इंदौर...रन इंदौर’ मैराथन का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल शुभारंभ कर जल संरक्षण की शपथ दिलाई,` महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में यह दूसरे वर्ष आयोजित हुई।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 11:30 AM IST
Run Indore Marathon, (Photo Source - Patrika)
Run Indore Marathon, (Photo Source - Patrika)

Indore news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, जल संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज सुबह वन इंदौर…रन इंदौर मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन की शुरूआत दशहरा मैदान से सुबह 7 बजे हुई, जिसमें पानी बचाने और नशामुक्ति का संदेश देने के लिए 20 हजार से ज्यादा लोग 3, 5 और 10 किलो मीटर तक दौड़े। मैराथन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि फिटनेस को जल संरक्षण से जोड़ने के लिए इंदौर को पहले तो शुभकामनाएं। किसी भी प्रकार के जलसंकट में सरकार इंदौर के साथ कदम से कदम मिला कर खड़ी है। उन्होंने कहा कि नशे को कहे न…फिटनेस को कहे हां…। नशामुक्ति और जल संरक्षण को लेकर इंदौर एक उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वन इंदौर रन इंदौर के प्रतिभागियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में लगातार दूसरे वर्ष यह मैराथन आयोजित की गई। मैराथन में शामिल होने के लिए धावक और आम जन सुबह 4 बजे से दशहरा मैदान पर जुटने लगे थे। कई लोग अपने परिवार के साथ आए थे। मैराथन में महापौर भार्गव के साथ कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक रमेश मैंदोला, महेंद्र हार्डिया, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, प्रदीप भंडारी, दीपक जैन टीनू, एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण सहित इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने भी दौड़ लगाई। महापौर भार्गव ने कहा कि जैसे स्वच्छता में इंदौर सिरमौर बना है, वैसे ही अब जल संरक्षण और नशा मुक्त भारत बनाने में इंदौर शीर्ष पर होगा।

दिल्ली, मुंबई, राजस्थान के धावक हुए शामिल

इधर, 10 किलोमीटर की दौड़ में 3000 पेशेवर और अनुभवी धावक शामिल हुए। इनमें इंदौर और मप्र के अलावा दिल्ली, मुंबई, राजस्थान के धावक थे। 5 किलोमीटर की दौड़ फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों के लिए रखी गई, जिसमें 8700 प्रतिभागियों ने हिस्सेदारी की। 3 किलोमीटर की फैमिली रन में 5500 लोग परिवार के सदस्य एक साथ दौड़े। बिना रजिस्ट्रेशन के पहुंचने वाले प्रतिभागी भी बड़ी संख्या में मैराथन में शामिल हुए। मैराथन की शुरुआत से पहले योगा सेशन, जैमिंग एवं जुम्बा आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़चढ़ के भागीदारी की।

15 और 10 हजार रुपए का दिया नकद पुरस्कार

10 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 15 हजार रुपए, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 10 हजार रुपए का नकद इनाम दिया गया। 5 और 3 किलोमीटर की श्रेणियों में भी विनर प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार एवं मेडल दिए गए ।मैराथन खत्म होने के बाद प्रतिभागियों को इंदौर के स्वादिष्ट पोहा का स्लवपहार वितरित किया गया। मैराथन की खास बात यह रही कि रजिस्ट्रेशन करने वाले प्रतिभागियों को जो जिस बैग में मैराथन सामग्री दी गई थी वो बैग वेस्ट कपड़ों से तैयार किया गया था।

Updated on:
29 Nov 2026, 11:30 AM IST
Published on: