
महिला आरक्षण से बदल जाएगी भोपाल की राजनैतिक तस्वीर image patrika
देवेंद्र शर्मा, भोपाल . केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी किए जाने का प्रस्ताव पारित किया है। इसके बाद महिला आरक्षण एवं परिसीमन विधेयकों पर सत्तारूढ़ एनडीए का समर्थन भी बढ़ता जा रहा है वहीं विपक्षी इंडिया ब्लॉक में और सेंध लगने की अटकलें हैं। दक्षिण भारत में परिसीमन के विरोध का झंडा उठाने वाली डीएमके खुलकर नए विधेयक के पक्ष में आ गई। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक में महिला आरक्षण व परिसीमन विधेयक का समर्थन किया गया। इंडिया ब्लॉक में शामिल और कांग्रेस के सहयोग से झारखंड में सरकार चला रही जेएमएम के भी विधेयक के पक्ष में मतदान के संकेत मिले हैं। विपक्षी दलों में इस फूट के बाद संसद में विधेयकों के पास होने के आसार हैं। परिसीमन के बाद भोपाल की सियासी तस्वीर बदलना तय है। प्रदेश के साथ ही भोपाल में विधानसभा सीटों की सीमाओं में बदलाव होगा। भोपाल जिले में विधानसभा सीटों की संख्या 7 से बढ़कर 10 से 11 तक पहुंच सकती है। भोपाल में दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हो सकते हैं। वहीं संभाग के पांच जिलों में अतिरिक्त लोकसभा सीट की स्थिति बन सकती है। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित किए जाने से भोपाल में तीन से चार सीटें महिला कोटे में जा सकती हैं।
लोकसभा क्षेत्र में भोपाल जिले की 7 विधानसभाओं के साथ सीहोर जिले की सीहोर विधानसभा शामिल है। 50 फीसदी सीट वृद्धि और शहरी आबादी के घनत्व को देखते हुए परिसीमन में सीहोर सीट भोपाल लोकसभा से अलग हो सकती है। भोपाल शहर और ग्रामीण खुद अलग-अलग स्वतंत्र संसदीय क्षेत्र बन सकते है। प्रवासियों की बढ़ती संख्या व जनसांख्यिकी के चलते राजधानी क्षेत्र पुराना व नया भोपाल तथा ग्रामीण हिस्सा मिलाकर दो लोकसभा सीटों में बंटने की संभावना है।
मेट्रोपॉलिटन की बात करें तो विदिशा और रायसेन अलग लोकसभा सीट बन सकती है। राजगढ़ पहले से ही लोकसभा सीट है। सीहोर अभी दो लोकसभा सीटों में बंटा हुआ है। इसमें बदलाव हो सकता है।
जिले की एकमात्र एससी आरक्षित सीट बैरसिया है। सीटों की संख्या 10-11 होने पर एससी वर्ग के लिए सीटों की संख्या बढकर दो हो सकती है, जिनमें से 1 सीट एससी महिला के लिए आरक्षित होगी।
सामान्य सीटों में 2 से 3 महिला सीटें होगी। आबादी के घनत्व और रोटेशन के नियम के आधार पर गोविंदपुरा, दक्षिण-पश्चिम या नवगठित कोलार व करोंद जैसी सीटों में से किसी के महिला आरक्षित होने पर कई दिग्गज पुरुष नेताओं को नई सीट तलाशनी पड़ सकती है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 9:09 AM IST
Published on:
29 Nov 2026, 9:09 AM IST
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़




