
CM Mohan Yadav - एमपी के सीएम मोहन यादव और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के संबंधों में आई तल्खी कम नहीं हो पा रही है। दोनों नेता, एक दूसरे पर जोरदार जुबानी हमले कर रहे हैं। शुक्रवार को सीएम मोहन यादव CM Mohan Yadav ने एक बार फिर पीसीसी चीफ पर निशाना साधा। इंदौर में हुए एक कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी Jitu Patwari का नाम लिए बिना राउ के विधायक मधु वर्मा से कहा कि 'मधु भैया ने चौकड़ी भुला दी, चारों खाने चित कर दिया, जवान अब तक होश में नहीं'। इससे पहले भी वे पटवारी को 'नौसिखिया', 'दो कौड़ी का' और 'पप्पू का चप्पू' कह चुके हैं। इधर जीतू पटवारी ने भी जवाब दिया कि मुख्यमंत्री अपने पद की गरिमा के खिलाफ बात कर रहे हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव, इंदौर के तुलसीनगर में रोबोट चौराहे पर 50 करोड़ की लागत से बनने वाले सिक्सलेन फ़्लाईओवर के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का नाम लिए बिना निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने मंच से चुटकी लेते हुए विधायक मधु वर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि आपने क्या चौकड़ी भुलाई सामने वाले को, चारों खाने चित कर दिया, ये है मधु भैया का जलवा। जवान अब तक होश में नहीं है। न जाने क्या-क्या बोलता घूमता रहता है। इधर नहीं आता, इधर आए तो फिर याद दिला देते हैं। मधु भैया को देखे तो भैरूजी आने लग जाते हैं।
मालूम हो, कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी की गृह सीट राऊ से बीजेपी के मधु वर्मा ने जीत दर्ज की थी। शुक्रवार को सीएम डॉ. यादव ने यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को कई सौगातें दीं। विपक्ष पर निशाना साधने के साथ उन्होंने अपने दल के विधायक और पूर्व मंत्री महेंद्र हार्डिया की जनसेवा का जिक्र करते हुए प्रशंसा भी की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक व सांसद भी मौजूद रहे।
सीएम के बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की कहा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व सरकार से सवाल पूछना है, लेकिन मुख्यमंत्री जवाब देने के बजाय विपक्ष के नेताओं के लिए 'नौसिखिया', 'दो कौड़ी का' और 'पप्पू का चप्पू' जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इसे पद की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि चप्पू की उपयोगिता बहुत है क्योंकि वही नाव को पार लगाता है, वहीं अहंकार लोकतांत्रिक मूल्यों को डुबोने का काम करता है।