इंदौर

Indore-Manmad Rail line: आधी रह जाएगी इंदौर-भुसावल की दूरी, 320 किमी. ही करना होगा सफर

Indore Manmad Rail line: इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन बनने से भुसावल की दूरी 650 किमी से घटकर लगभग 330 किमी रह जाएगी। इससे यात्री और माल परिवहन आसान होगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 3:39 PM IST
इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Indore Manmad Rail Project:मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़कर बनने वाली इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन परियोजना से अब भुसावल को जोडऩे की तैयारी हो रही है। महाराष्ट्र के धुले जिले के नरढाणा क्षेत्र से ट्रैक को भुसावल से कनेक्ट किया जाएगा। इससे इंदौर और भुसावल के बीच सीधा रेल संपर्क हो जाएगा जिसका सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को होगा। अभी उज्जैन या भोपाल होकर जाना पड़ता है जिसकी दूरी 650 किमी. है जो घटकर लगभग 330 किमी. रह जाएगी।

इस रेल संपर्क का फायदा केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापार और माल परिवहन के लिहाज से भी यह महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। भुसावल क्षेत्र से बड़ी मात्रा में केला, कपास, दालें और खाद्य तेल जैसे कृषि व प्रसंस्कृत उत्पाद इंदौर सहित देश के दूसरे शहरों में भेजे जाते हैं। अभी मालगाडिय़ों को लंबा रेल मार्ग तय करना पड़ता है। नया ट्रैक बनने से माल परिवहन के लिए छोटा और वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध होगा। इससे समय और परिचालन लागत में कमी आने के साथ ही कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।

मालगाड़ियों का दबाव भी होगा कम

इंदौर और भुसावल के बीच सीधा रेल संपर्क बनने से मौजूदा रेल मार्गों पर ट्रेनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। मालगाडिय़ों के लिए नया कॉरिडोर उपलब्ध होने से परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम होगी। खासकर कृषि उत्पादों की समय पर ढुलाई में इसका फायदा मिल सकता है। इससे इंदौर के व्यापारियों को भी महाराष्ट्र के बाजारों तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा।

गुजरात से जोडऩे की भी मांग

यात्रियों की मांग है कि इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन को भुसावल के अलावा दूसरी ओर धुले जिले के होल स्टेशन से भी जोड़ा जाए। ऐसा होने पर इस रेल नेटवर्क का विस्तार गुजरात तक हो सकेगा। इससे इंदौर को महाराष्ट्र और गुजरात दोनों राज्यों के लिए अतिरिक्त रेल संपर्क मिल सकता है। मुंबई के साथ ही गुजरात के प्रमुख शहरों तक आवाजाही और माल परिवहन के नए विकल्प तैयार होंगे। इससे इस रेल परियोजना का व्यावसायिक और यात्री परिवहन का महत्व और बढ़ सकता है।

रेल परियोजना एक नजर में

लंबाई- लगभग 309 किलोमीटर
लागत- 18,036.25 करोड़ रुपए
केंद्र की अंतिम मंजूरी- 2 सितंबर 2024

Updated on:
26 Nov 2026, 3:39 PM IST
Published on: