इंदौर

इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय के बेटे से मिलने का इंतजार पड़ा भारी, बदला क्रिकेट टूर्नामेंट ट्रॉफी का नाम

Cricket tournament: भागीरथपुरा में विधायक ट्रॉफी का नाम रातोंरात स्वाभिमान ट्रॉफी कर दिया गया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे से मिलने में देरी से नाराज आयोजकों ने होर्डिंग बदलकर उनके फोटो हटा दिए।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:48 PM IST
कैलाश विजयवर्गीय (Photo Source: @KailashOnline X हैंडल)
कैलाश विजयवर्गीय (Photo Source: @KailashOnline X हैंडल)

Indore news: एमपी में इंदौर शहर के भागीरथपुरा में कुछ दिनों पहले एक क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ जिसका नाम विधायक ट्रॉफी था, लेकिन रातों रात उसका नाम स्वाभिमान ट्रॉफी हो गया। पर्दे के पीछे की कहानी ये है कि आयोजक मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश से मिलने गए थे, लेकिन तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। इससे खफा होकर वे आ गए और टूर्नामेंट के लगे होर्डिंग बदल दिए। नए होर्डिंग में विरोधी खेमे के फोटो लगाकर कैलाश का फोटो भी गायब कर दिया गया। रात को कुछ मंत्री समर्थक के पहुंचने जिसे विवाद की स्थिति बनी तो पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रदेश के कद्दावर नेता व काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की एक नंबर विधानसभा में भाजपा का राजनीतिक माहौल बदला बदला सा है। धीरे-धीरे उनका विरोध बढ़ता जा रहा है।

तीन घंटे तक किया इंतजार

भागीरथपुरा में पहले ही एक खेमा गंदे पानी से हुई 36 मौत के बाद नाराज था तो बचे हुए समर्थक भी टूटने लग गए हैं। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयवर्गीय के नाम पर विधायक ट्रॉफी का आयोजन रखा जिसमें एक नंबर विधानसभा से 64 टीमों ने हिस्सा लिया। बकायदा उद्घाटन करने मंत्री पुत्र आकाश विजयवर्गीय पहुंचे थे। बाद में जब कार्यकर्ता उनसे मिलने घर पहुंचे तो तीन घंटे इंतजार करते रहे। इससे नाराज होकर वे लौट आए। इस बीच उनकी मुलाकात पार्षद भावना मिश्रा के पति भाजपा नेता मनोज मिश्रा से हो गई।

वे पहले ही विरोध में मोर्चा खोल चुके है। घटना सुनकर उन्होंने ट्रॉफी का नाम बदल कर स्वाभिमान रखने की सलाह दे डाली जो उन्हें भा गई। रातों रात ट्रॉफी का नाम बदलकर स्वाभिमान ट्रॉफी कर दिया गया और होर्डिंग से विजयवर्गीय को गायब कर नए लगा दिए गए। उसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, सुदर्शन गुप्ता के साथ सावन सोनकर का भी फोटो दिया गया। इधर, मिश्रा के अलावा पार्षद कमल वाघेला और पूर्व पार्षद मांगीलाल रेडवाल को भी रखा गया। घटना के बाद एक नंबर विधानसभा की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया।

विवादों के बीच हुआ फाइनल

रविवार की रात को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला था। उसकी शुरुआत में विधायक मनोज पटेल व पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। सवाल पूछे जाने पर विधायक पटेल का कहना था कि कार्यकर्ताओं का स्वाभिमान जाग गया जिसके कारण नाम बदला होगा। अतिथियों के जाने के बाद मंत्री विजयवर्गीय के कट्टर समर्थक चंदन सिंह बैस टीम के साथ पहुंचे। इस पर आयोजक और उनके बीच तनातनी की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस ने मामले को शांत कराया। देर रात को टूर्नामेंट का फाइनल मैच हुआ। मजेदार बात ये है कि आयोजन में लाइट की व्यवस्था नगर निगम की तरफ से की गई थी।

खुलकर मैदान में आए मिश्रा

भाजपा नेता मनोज मिश्रा ने मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। पिछले दिनों उन्होंने दीपावली पर दो हजार परिवारों को उपहार स्वरूप सामग्री भेंट की थी जिसमें मंत्री विरोधी खेमे को बुलाया था। होर्डिंग तक में मंत्री विजयवर्गीय को जगह नहीं दी गई। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही शराब को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। उनके अलावा सुदर्शन गुप्ता ने भी क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है जिसकी शुरुआत उन्होंने नवरात्र में चुनरी यात्रा से की।

Updated on:
23 Nov 2026, 12:48 PM IST
Published on: