इंदौर

इंदौर में लगेगी सोना और चांदी के आभूषणों की प्रदर्शनी, 200 से ज्यादा ज्वेलर्स लगाएंगे स्टॉल

jewellery Exhibition: ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 28 नवंबर से मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी सोना-चांदी आभूषण प्रदर्शनी लगेगी, जिसमें देशभर के 200 से अधिक ज्वेलर्स हिस्सा लेंगे।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 4:50 PM IST
सोने-चांदी गहनों की प्रदर्शनी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
सोने-चांदी गहनों की प्रदर्शनी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Indore news:मध्यप्रदेश में इंदौर शहर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी सोना और चांदी के आभूषणों की प्रदर्शनी लगने जा रही है। इसमें देश के विख्यात नाम 200 से अधिक ज्वेलर्स अपने अपने स्टाल लगाएंगे, जिसमें प्रदेशभर के सराफा व्यापारी भी पहुंचेंगे। ये प्रदर्शनी मध्यप्रदेश सराफा एसोसिएशन और इंदौर सराफा एसोसिएशन के संयुक्त बैनर और ग्लैम बॉक्स कंपनी, मुंबई के सहयोग से लगाई जा रही है।

मध्यप्रदेश सराफा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष निर्मल वर्मा घुंघरू ने बताया कि 28 नवंबर से शुरू हो रही इस प्रदर्शनी में मुंबई, राजकोट, दिल्ली, अहमदाबाद और इंदौर के बड़े ज्वेलर्स हिस्सा लेंगे। इसमें सोने की 22, 20, 18 और 9 कैरेट की ज्वेलरी के साथ चांदी के 92 प्रतिशत शुद्धता वाले आभूषण, बर्तन, फैंसी पायल और विभिन्न डिजाइन की ज्वेलरी प्रदर्शित की जाएगी। जिन्हें लोग आसानी से खरीद भी सकेंगे।

व्यापारियों को मिलेगा अवसर

ये प्रदर्शनी सराफा कारोबार को नई दिशा देने के साथ व्यापारियों के लिए नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी। खासकर युवा व्यापारियों के लिए ये बड़ा प्लेटफार्म उपलब्ध कराएगी जिसमें वे ज्वेलरी कारोबार में आ रहे बदलाव, नई डिजाइन, बाजार के रुझान और प्रतिस्पर्धा के दौर में व्यापार को आगे बढ़ाने की तकनीक सीखेंगे। इसमें इंदौर के अलावा में रतलाम, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, गुना, उज्जैन, विदिशा और आगर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से व्यापारी शामिल होंगे।

टीम ने पकड़ा मैदान

इंदौर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकम सोनी और अजय लाहोटी सहित पदाधिकारियों ने प्रदेश के व्यापारियों को आमंत्रित किया है। प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश शास्त्री, अभिजीत वर्मा, आशीष कड़ेल और संतोष पोरवाल भी आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। प्रदर्शनी में आने वाले व्यापारियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयोजकों को उम्मीद है कि इसमें बड़ी संख्या में सराफा कारोबारी और ज्वेलरी क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे। तीन दिवसीय आयोजन में व्यापारियों को एक ही स्थान पर देशभर के आभूषण निर्माताओं और डिजाइनरों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश के सराफा कारोबारियों को नए व्यापारिक संपर्क बनाने और अपने कारोबार का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

Updated on:
25 Nov 2026, 4:50 PM IST
Published on: