
Indore news: दीपावली पर अपनों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौटना इस बार महंगा पड़ रहा है। ट्रेनों में पहले से ही कन्फर्म सीटों की मारामारी है। ऐसे में बचे विकल्प बस और फ्लाइट से सफर करने वालों की जेब पर भी भारी बोझ पड़ रहा है। 6 नवंबर को अहमदाबाद से इंदौर के लिए बसों का किराया 10 हजार रुपए तक पहुंच गया है। किराए का ये आंकड़ा अब तक का सबसे अधिक माना जा रहा है जो कि फ्लाइट टिकट के बराबर है। हालांकि उस दिन फ्लाइट का किराया 18 हजार रुपए से अधिक बता रहा है।
सबसे ज्यादा अहमदाबाद से इंदौर आने के लिए बस का किराया 10,198 रुपए है, जबकि फ्लाइट का किराया 13,482 रुपए है। दोनों के बीच अंतर महज 3,284 रुपए का है। मुंबई और पुणे से आने वाले यात्रियों को भी राहत नहीं है। मुंबई से बस का किराया 9,999 रुपए और फ्लाइट का 17,896 रुपए तक है। वहीं पुणे से बस में सफर करने के लिए 9,999 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि फ्लाइट का किराया 15,382 रुपए है। दिल्ली से आने वालों के लिए भी बस का किराया 8 हजार और फ्लाइट का 10,747 रुपए है।
किराए का असर उन परिवारों पर ज्यादा पड़ रहा है, जिन्हें एक साथ सफर करना है। एक अनुमान के मुताबिक पति-पत्नी और दो बच्चों के हिसाब से अगर किराया जोड़ा जाए तो चार लोगों का अहमदाबाद से बस से इंदौर आने के लिए ही 40,792 रुपए खर्च करने होंगे। वहीं मुंबई से चार लोगों को फ्लाइट से आने पर करीब 71,584 रुपए चुकाने पड़ सकते हैं। यह केवल एक तरफ का किराया है। वापसी का खर्च अलग से जुड़ेगा। ऐसे में त्योहार पर घर आने-जाने का बजट सामान्य परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ट्रैवल एजेंट के मुताबिक स्पॉट बुकिंग हमेशा ही महंगी साबित होती है।
त्योहार के दौरान दूसरे शहरों में नौकरी और कारोबार करने वाले लोग परिवार के साथ इंदौर लौटते हैं, लेकिन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें बस या फ्लाइट का विकल्प चुनना पड़ रहा है। यात्रियों के सामने परेशानी यह है कि समय पर घर पहुंचना भी जरूरी है और महंगे किराए का बोझ उठाना भी आसान नहीं। ऐसे में इस बार दिवाली की खुशियों के साथ घर वापसी का खर्च भी लोगों का बजट बिगाड़ रहा है।
अहमदाबाद
बस किराया-10198
फ्लाइट किराया-13482
मुंबई
बस किराया-9999
फ्लाइट किराया-17896
पुणे
बस किराया-9999
फ्लाइट किराया-15382
दिल्ली
बस किराया-8,000
फ्लाइट किराया-10747
( किराए 6 नवंबर टिकट बुकिंग वेबसाइट के अनुसार)