इंदौर

बारिश में गड्ढे से हादसों का डर, पांच दिन से पड़ा नाले का कचरा, बदबू से जीना दूभर

Jul 26, 2026
datia news
datia news (भाई ने की भाई की हत्या Photo Source- Patrika)

इंदौर. शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित वार्ड 12 के अंतर्गत गोविंद कॉलोनी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी का शिकार होती नजर आ रही है। बारिश के मौसम में कॉलोनी की मुख्य सडक़ जगह-जगह से उखड़ चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। रहवासियों ने बताया कि बारिश शुरू होने से पहले सडक़ के गड्ढे का भराव और डामरीकरण कराया जाना था, लेकिन निगम के जिम्मेदारों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। इसका खामियाजा अब आम वाहन चालक, खासकर महिलाओं और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है, इस मार्ग पर छोटे-बड़े गड्ढे से रोजाना वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे है, लेकिन जिम्मेदार अनजान है।
जगह-जगह कचरे के ढेर से रहवासियों में आक्रोश, बीमारी का अंदेशा
रहवासियों ने बताया कि गोविंद कॉलोनी मार्ग पर कई स्कूल संचालित हैं। सुबह और दोपहर के समय बड़ी संख्या में महिलाएं दोपहिया वाहनों से बच्चों को स्कूल छोडऩे और लेने आती हैं। सडक़ पर पानी भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने से आए दिन वाहन फिसलने और दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। कई वाहन चालक बड़ी घटना से बाल-बाल बच चुके हैं, लेकिन यदि समय रहते सडक़ की मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। सडक़ की समस्या के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। गोविंद कॉलोनी पुलिया के पास निगम की टीम ने कुछ दिन पहले नाले की सफाई की थी, लेकिन निकाला गया कचरा पुलिया पर ही छोड़ दिया गया। करीब पांच दिनों से यह गंदगी वहीं पड़ी हुई है। बारिश के कारण उसमें से दुर्गंध उठ रही है और मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कॉलोनी में तीन से चार जगह कचरे के ढेर लगे है। इस लापरवाही के चलते रहवासियों में निगम के प्रति आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बैक लाइन की गंदगी सडक़ पर पटक दी, राहगीर हो रहे परेशान
रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में सफाई व्यवस्था की एक और बड़ी समस्या ड्रेनेज लाइन की है। कई स्थानों पर ड्रेनेज लाइन की सफाई के बाद निकाली गई गंदगी सडक़ किनारे ही छोड़ दी गई है, जबकि कई जगह ड्रेनेज लाइनें में गंदगी की भरमार हैं। इससे सडक़ पर गंदा पानी जमा हो रहा है और आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। जिम्मेदारों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
दिन में रोशन हो रही स्ट्रीट लाइट, बिजली की बर्बादी
रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में निगम की एक ओर लापरवाही भी सामने आई है। कॉलोनी की पुलिया के पास लगी स्ट्रीट लाइट दिन के समय भी लगातार जलती रहती है। कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है, जिससे अनावश्यक बिजली की बर्बादी हो रही है। इसके बावजूद निगम का कोई कर्मचारी इसे बंद कराने या तकनीकी खराबी दूर करने नहीं पहुंचा।
जिम्मेदारों से पांच सवाल
. बारिश शुरू होने से पहले सडक़ के गड्ढे की मरम्मत और डामरीकरण क्यों नहीं कराया गया?
. नाले की सफाई के बाद निकाला गया कचरा पांच दिनों तक पुलिया पर क्यों पड़ा रहने दिया गया?
. दिनभर जल रही स्ट्रीट लाइट की जानकारी होने के बावजूद बिजली की बर्बादी रोकने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
. बैक लाइन की नियमित सफाई और निकाली गई गंदगी का तत्काल निस्तारण क्यों नहीं किया जा रहा?
. बार-बार अवगत कराने के बावजूद कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान की कोई ठोस कार्ययोजना कब बनेगी?

Updated on:
26 Jul 2026 06:02 am
Published on:
26 Jul 2026 06:02 am