
Indore news:मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से लगातार साइबर ठगी की खबरे सामने आ रही हैं। यहां पर चंदन नगर क्षेत्र में साइबर ठगों ने अस्पताल की पर्ची बनवाने के बहाने व्यक्ति को झांसा देकर वाट्सएप पर पिन जनरेट करवाया और उसके बैंक खातों से 7.69 लाख रुपए उड़ा लिए। उधर, देहात क्षेत्र में भी ठगोरों ने वाट्सएप और मोबाइल फोन हैक कर दो लोगों के साथ हजारों की धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया। संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में तकनीकी आधार पर जांच शुरू कर दी है।
थाना चंदन नगर पुलिस के मुताबिक ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात फरियादी मोहम्मद शाहिद पिता रोशन खान (42) निवासी अहमद नगर, ग्राम बांक, सिरपुर के साथ 7 नवंबर को सुबह 9 से 12 बजे के बीच हुई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि घटना दिनांक को उसके वाट्सएप पर अज्ञात मोबाइल नंबर से एक कॉल आया था। उसने अस्पताल की पर्ची बनवाने के बहाने पिन जनरेट करवा लिया और सबसे पहले 10 रुपए ट्रांसफर कराए। फरियादी के मुताबिक इसके बाद 11 नवंबर को उनका मोबाइल फोन कुछ समय के लिए बंद हो गया था। बाद में जब चालू हुआ तो पता चला कि दो बैंक खातों से यूपीआइ के माध्यम से कुल 7 लाख 69 हजार 732 डेबिट हो गए। बैंक से मैसेज आते ही धोखाधड़ी का पता चला तो फरियादी के होश उड़ गए। उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। वहां मामला जांच के लिए थाना चंदन नगर पुलिस को सौंपा गया। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर मामले में तकनीकी आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।।
सिमरोल क्षेत्र में अज्ञात आरोपी ने एक फरियादी का वाट्सएप हैक कर बैंक खाते से गूगल-पे के माध्यम से 97 हजार रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सिमरोल पुलिस के मुताबिक फरियादी मनीष पिता परसराम पालडिय़ा (19) निवासी बबरीवाल चौराहा, ग्राम दतोदा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि घटना 29 अक्टूबर को शाम करीब 7.20 बजे हुई।
पुलिस से की गई शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने फरियादी के पिता परसराम का वाट्सएप सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया था। इसके बाद गूगल-पे के माध्यम से घटना दिनांक को फरियादी की मेरी पत्नी ङ्क्षपकी के बैंक खाते से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 97 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने शिकायत की तकनीकी आधार पर जांच शूरू कर दी है।
एक वारदात थाना किशनगंज क्षेत्र में हुई जहां अज्ञात आरोपी ने साइबर फ्रॉड के माध्यम से 51 हजार रुपए की धोखाधड़ी कर दी। पुलिस के मुताबिक फरियादी ब्रजेश पिता मांगीलाल लोधा (30) निवासी आंखखेड़ी थाना मृगवास, जिला गुना, हाल मुकाम भैसलाय की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आइटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि धोखाधड़ी की वारदात 11 नवंबर को दोपहर 2,45 से 12.55 बजे के बीच हुई। फरियादी ने बताया कि बैंक से 51 हजार रुपए कटने के मैसेज आया तो घटना का पता चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।