इंदौर

‘जहां बन रहे लड्डू, वहीं चप्पल में घूम रहे थे’, खजराना गणेश मंदिर के प्रसाद की जांच, मिली लापरवाही

Ganesh Chaturthi 2026: इंदौर में गणेश चतुर्थी पर प्रसाद से लेकर होटलों तक खाद्य सुरक्षा की जांच, 31 नमूने लेकर लैब में भेजे। खजराना मंदिर की कुछ दुकानों में अस्वच्छ हालात में बनाए जा रहे थे लड्डू।
2 min read
Sep 15, 2026
ganesh chaturthi khajrana ganesh temple laddu prasad safety check
Ganesh Chaturthi: इंदौर के खजराना गणेश मंदिर के लड्डू की जांच (फोटो सोर्स - collector office indore facebook)

Khajrana Ganesh Temple Laddu Prasad: गणेश चतुर्थी के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर शहर के प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंट और श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में प्रसाद निर्माण एवं विक्रय केंद्रों पर जांच अभियान चलाया। 13 और 14 सितंबर को की गई कार्रवाई में करीब 31 खाद्य नमूने जांच को लिए गए। मंदिर परिसर स्थित दुकानों पर प्रसाद निर्माण में अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने के बाद विशेष निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री के भंडारण, रसोई की स्वच्छता, तापमान नियंत्रण, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पानी की जांच रिपोर्ट और कच्चे व तैयार खाद्य पदार्थों के अलग-अलग भंडारण की स्थिति देखी। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां मिली, वहां सुधार सूचना और नोटिस की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जहां बन रहे लड्डू, वहीं चप्पल पहन घूम रहे थे

गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2026) के चलते श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में प्रसाद की मांग बढ़ी हुई है। यहां प्रसाद के थोक और फुटकर विक्रेताओं के करीब 8 से 10 काउंटर का निरीक्षण किया। एकदंत प्रसाद भंडार में लड्डू प्रसाद का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में होता मिला। फर्श गंदा था, खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं था और कच्चे माल के भंडारण व रखरखाव की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। भालचंद्र प्रसाद भंडार में लड्डू बनाने का स्थान साफ नहीं था। फर्श चिपचिपा तेलयुक्त और गंदा पाया गया। कर्मचारी लड्डू निर्माण क्षेत्र में चप्पलें पहनकर आते-जाते दिखे। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए। प्रसाद विक्रेताओं और निर्माण केंद्रों से मोतीचूर के लड्डू, बेसन लड्‌डू और मोदक सहित करीब 8 नमूने लिए हैं। इन्हें खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा है।

फेयर फील्ड के स्टोर रूम में मिले कॉकरोच

रिंग रोड स्थित होटल फेयर फील्ड बाय मैरियट के निरीक्षण में तुअर दाल, पनीर और डेसिकेटेड कोकोनट पाउडर के तीन नमूने लिए गए। यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों का भंडारण साथ मिला। अधिकतर डस्टबिन खुले पड़े थे और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग नहीं रखा जा रहा था। सबसे गंभीर कमी स्टोर रूम में सामने आई. जहां कॉकरोच मिले। कच्ची खाद्य सामग्री के पैकेट्स पर आसानी से हटाए जा सकने वाले लेबल मिले। बुफे में रखे कई तैयार खाद्य पदार्थ खुले मिले, इससे इनमें धूल, बाल या अन्य माध्यमों से खाद्य पदार्थ दूषित होने की आशंका थी। खाद्य निर्माण में उपयोग होने वाले पानी की रिपोर्ट में भी कीटनाशक अवशेष और भारी धातुओं की जांच शामिल नहीं थी।

13 सितंबर को यहां पर हुई कार्रवाई…

श्री गुरुकृपा रेस्टोरेंट, विजय नगर में खाद्य जांच रिपोर्ट, पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं मिले।

द रेड मेपल, होटल मशाल में खाद्य लाइसेंस निर्धारित स्थान पर प्रदर्शित नहीं था। मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली। कुछ खाद्य पदार्थों के पैकेट खुले और सीलनयुक्त पाए गए। दो डीप फ्रीजर में तापमान डिस्प्ले नहीं था। यहां पनीर और विभिन्न सॉस के पांच नमूने लिए।

सेफ भूपिज किचन एबी रोड राऊ में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। कच्चे माल का भंडारण अव्यवस्थित मिला। कुछ कटे-फटे पैकेट्स से खाद्य सामग्री बाहर निकलती और लीक होती मिली। स्टोरेज शेल्फ पर भी गंदगी थी। यहां पनीर, हल्दी और धनिया पाउडर के तीन नमूने लिए गए।

Updated on:
15 Sept 2026 07:56 am
Published on:
15 Sept 2026 07:55 am