14 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मिडवे में मिली सड़ी गोभी, श्रीलीला पैलेस में नष्ट कराया जला तेल, राजगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

Food Department Inspection : जिला मुख्यालय की होटलों और रेस्टोरेंटों पर खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। ग्रेवी-पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। साफ-सफाई पर भी उठाए सवाल।
2 min read
Google source verification
Food Department Inspection

होटल में जांच करती खाद्य विभाग की टीम (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले होटलों और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य विभाग ने सोमवार को निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम को यहां के कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। होटल श्रीलीला पैलेस में करीब तीन किलो जला हुआ सोयाबीन तेल और बासी रखी तुवर दाल की सब्जी का विनष्टीकरण कराया गया, जबकि शुभम मिडवे ट्रीट में खराब गोभी मिलने पर उसे भी नष्ट कराया गया। इसके अलावा, अलग-अलग होटलों से पनीर, ग्रेवी और स्टीम राइस के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

वरिष्ठ कार्यालय खाद्य सुरक्षा प्रशासन, मप्र के निर्देश और कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस खत्री ने जिला मुख्यालय के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने होटल श्रीलीला पैलेस से टोमाटो ग्रेवी और पनीर के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान करीब तीन किलो जला हुआ सोयाबीन तेल और बासी रखी तुवर दाल की सब्जी मिली, जिसे मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया।

रेस्टोरेंटों से लिए गए नमूने

इसके बाद टीम ने होटल शुभम मिडवे ट्रीट का निरीक्षण किया। यहां से ग्रेवी और पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान खराब गोभी भी मिली, जिसे खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। होटल संस्कृति पैलेस परिसर स्थित समायरा रेस्टोरेंट से पनीर मसाला और स्टीम राइस के नमूने लिए गए। खाद्य विभाग के अनुसार इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वच्छता से लेकर भंडारण तक हुई जांच

निरीक्षण के दौरान टीम ने केवल खाद्य पदार्थों के नमूने ही नहीं लिए, बल्कि होटल और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति भी देखी। संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने, खराब या बासी खाद्य पदार्थों को उपयोग में नहीं लेने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपभोक्ताओं की सेहत से जुड़ा मामला

होटल और रेस्टोरेंट में तैयार होने वाले खाद्य पदार्थ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण में लापरवाही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। खाद्य विभाग ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

नियमित जांच जारी रहेगी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी जे.एस खत्री के अनुसार, जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। जांच के लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।