13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajgarh News: बच्चों के शव देखकर सहम गई मां, तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

Rajgarh Two Brothers Drowning: गणेश उत्सव के लिए चंदा जुटा रहे थे, इसी दौरान तालाब में नहाने पहुंचे, लोगों ने एक बच्चे को बचाया, दो सगे भाइयों की मौत।
2 min read
Google source verification
Two Brothers Drowning

two brothers drown talab, मृतक भाइयों की जीवित अवस्था की तस्वीर और घटनास्थल (Source-Patrika)

Rajgarh Two Brothers Drowning: मध्यप्रदेश राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के सीलखेड़ा गांव में रविवार दोपहर दो सगे मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। एक अन्य दोस्त भी पानी में डूबा था, हालांकि ग्रामीणों ने समय रहते उसे बाहर निकाला लिया, जिससे उसकी जान बच गई। बच्चे गणेश उत्सव के लिए चंदा जुटा रहे थे और इसी दौरान नहाने के लिए तालाब में उतर गए। छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने बचाने की कोशिश की लेकिन वो भी डूब गया। हादसे के बाद परिवार व गांव में मातम पसरा हुआ है।

तालाब में डूबने से सगे भाइयों की मौत

सीलखेड़ा गांव निवासी सगे भाई आजाद वर्मा (10) और विजय वर्मा (12), पिता देवसिंह वर्मा, अपने दोस्त उमंग वर्मा के साथ पास के गांव कानरखेड़ी स्थित तालाब में रविवार दोपहर नहाने गए थे। तभी आजाद पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने में बड़ा भाई विजय भी पानी में उतर गया और दोनों डूब गए। दोस्त उमंग ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, तब तक आजाद और विजय की मौत हो चुकी थी। तीसरे बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर है लेकिन वो हादसे के कारण सहमा हुआ है।

गणेश उत्सव के लिए जुटा रहे थे चंदा

ग्रामीणों और हादसे में सुरक्षित निकले उमंग ने बताया कि सेमलापार सड़क पर गणेश उत्सव के लिए चंदा जुटा रहे थे। तभी नहाने का मन बना और पास ही तालाब होने से तीनों नहाने चले गए। लेकिन आजाद को तैरना नहीं आता था और गहरे पानी में जाने से डूबने लगा, उसे डूबता देख बड़ा भाई विजय बचाने के लिए तालाब में उतरा लेकिन वो भी डूब गया। बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन दोनों भाईयों को नहीं बचा सके।

पिता की पहले ही हो चुकी है मौत

दोनों भाई मां के साथ ही रहते थे, उनके पिता देवसिंह की करीब पांच साल पहले ही कैंसर के कारण मौत हो चुकी है। हादसे का पता चलते ही मां भी परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची, जहां दोनों बच्चों के शव देखकर मां को सदमा लगा है और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक कानरखेड़ी तालाब में वर्तमान में जमकर अवैध खनन हो रहा है। मुरम निकालने के लिए कथित रूप से अवैध खनन किया गया है। इससे तालाब में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं और इन्हीं गड्ढ़ों के कारण हादसा हुआ है।