
Gold and silver prices:मध्यप्रदेश के इंदौर सोना और चांदी के भाव में गिरावट आने के बावजूद सराफा बाजार में ग्राहकों का रुख फिलहाल खरीदारी से ज्यादा भाव की पड़ताल करने पर केंद्रित है। बाजार में आने वाले ग्राहक सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट को देखकर दुकानदारों से भाव पूछ रहे हैं, लेकिन खरीदी करने से पहले एक ही सवाल कर रहे है कि क्या भाव और गिरेंगे, अभी खरीदें या कुछ दिन और इंतजार करें? भाव में उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहकों की मनोदशा भी बदल रही है। जिन लोगों को शादी या अन्य आयोजनों के लिए सोना-चांदी खरीदना है, वे बाजार पर नजर बनाए हुए है। कीमतों में गिरावट के बाद खरीदारी की उम्मीद तो बढ़ी है, लेकिन आगे और भाव कम होने की संभावना को लेकर ग्राहक फिलहाल निर्णय लेने से बच रहे हैं।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक, बाजार में ग्राहकों की पूछताछ बनी हुई है। खरीदार मौजूदा भाव को जानने के साथ ही भविष्य में कीमतों की दिशा का अनुमान लगाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट के बावजूद बाजार में खरीदी की गति ग्राहकों के निर्णय पर निर्भर नजर आ रही है। अब बाजार की दिशा इस बात से तय होगी कि ग्राहक मौजूदा भाव को खरीदारी का अवसर मानते है या और गिरावट की उम्मीद में इंतजार करते हैं। फिलहाल बीते 9 दिनों में सोना 14900 रुपए व चांदी 32300 रुपए सस्ती हुई है, जिसने सराफा बाजार को भी चौंका दिया है।
इस दौरान इंदौर सराफा बाजार में नकदी पर सोने की कीमत 1400 रुपए घटकर 1,26100 रुपए प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी प्रति किलो 4500 रुपए गिरकर 1,52500 रुपए बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उतार-चढ़ाव, डॉलर की लगातार मजबूती और जियो पॉलिटिकल टेंशन का असर कीमती धातुओं की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक-फिलहाल सोने और चांदी में तेजी के संकेत कमजोर हैं।
सोने की कीमतें गिर गई, जिसमें स्पॉट कीमतों ने मार्च के बाद का सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन दर्ज किया और फ्यूचर्स कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद के सबसे बुरे सप्ताह तक लुढ़क गए। स्ट्रीट पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ट्रेड में भारी गिरावट के चलते ट्रेडर्स मार्जिन कॉल पूरी करने और नुकसान की भरपाई के लिए सोना बेच रहे हैं।
सिल्वर इंस्टीट्यूट के लिए ज्मेटल्स फोकस की रिसर्च के अनुसार, 2026 में वैश्विक स्तर पर चांदी की खपत 5 प्रतिशत घटकर 1.08 बिलियन आँस रहने का अनुमान है। औद्योगिक मांग में 3 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है, जिसका मुख्य कारण चीन में फोटोवोल्टिक इंस्टॉलेशन में कमी और जनवरी की रिकॉर्ड कीमतों के बाद चांदी के विकल्पों का तेजी से इस्तेमाल होना है।
अमरीकी डॉलर में मजबूतीः डॉलर मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की खरीद महंगी हो गई है, जिससे मांग पर असर पड़ा।
ब्याज दरें बढ़ने की आशंकाः अमरीकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने के संकेतों से निवेशकों का रुझान सोने से दूर हुआ है।
बॉन्ड यील्ड में उछाल: 3 अमरीकी सरकारी बॉन्ड पर रिटर्न बढ़ने से सोने में आकर्षण घटा है।