
Transport Department:एमपी में परिवहन विभाग ने वाहन और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन कर दी हैं लेकिन तकनीकी खामियों के कारण आम लोगों को राहत मिलने के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल बार-बार हैंग होने, ओटीपी और मैसेज नहीं आने तथा आवेदन प्रक्रिया बीच में रुक जाने से आवेदकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि कई मामलों में बिना एजेंट की मदद के काम कराना मुश्किल हो गया है। अभी परेशानी के स्थाई हल करने के लिए विभाग दिल्ली के अधिकारियों से मदद मांग रहा है। आवेदकों का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन के दौरान मोबाइल फोन नंबर दर्ज करते ही स्क्रीन पर आपका डेटा उपलब्ध नहीं है का संदेश दिखाई देता है। इसके बाद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ती।
महीने में कई बार पूरे दिन पोर्टल की स्पीड बेहद धीमी रहती है। बार-बार जानकारी भरने के बाद भी आवेदन पूरा नहीं होने से लोग मजबूर होकर आरटीओ कार्यालय पहुंचते हैं। यहां एजेंट अतिरिक्त राशि लेकर वही काम कुछ ही मिनटों में करवा देते हैं। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार समस्या केवल इंदौर तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेशभर में सामने आ रही है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि उन्हें इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली में वाहन पोर्टल संचालित करने वाले परिवहन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। तकनीकी खामियां दूर होने के बाद पोर्टल की कार्यक्षमता में सुधार की उम्मीद है।
तकनीकी दिक्कतों का असर बीमा कंपनियों पर भी पड़ रहा है। कंपनियों की जारी की जा रही वाहन बीमा पॉलिसियों का डेटा समय पर वाहन पोर्टल पर अपडेट नहीं हो पा रहा है। इसके कारण कई ऑनलाइन सेवाएं लंबित हो रही हैं और वाहन मालिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
वाहन ट्रांसफर, फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस अपडेट, टैक्स संबंधी सेवाएं, रजिस्ट्रेशन रिन्यूअल, फाइनेंस हाईपोथिकेशन समाप्त करना, एनओसी और ड्राइविंग लाइसेंस की फेसलेस सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रही हैं। तकनीकी बाधाओं के कारण ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है और लोगों का समय व पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं।
ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनवाने के लिए परिवहन मंत्रालय की सारथी परिवहन वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करें। शुल्क भुगतान और दस्तावेजों के अपलोड के बाद, लर्निंग लाइसेंस के लिए घर बैठे ऑनलाइन टेस्ट दें। पक्के लाइसेंस के लिए आरटीओ में ड्राइविंग टेस्ट देना होता है। लर्निंग लाइसेंस के लिए पहले आपको सारथी परिवहन वेबसाइट पर जाकर पर "मध्य प्रदेश" चुनें और 'लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करें' पर क्लिक करें।
लर्निंग लाइसेंस के लिए लगभग 150 से 300 तक का शुल्क ऑनलाइन जमा करें। आवेदन के बाद आपको एक पासवर्ड और लिंक मिलेगा, जिससे आप घर या कैफे से कंप्यूटर/फोन पर ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं। लर्निंग लाइसेंस जारी होने के 30 दिन बाद और 6 महीने के भीतर, सारथी परिवहन पर ही 'पक्के लाइसेंस के लिए आवेदन' करें। स्लॉट बुक करके इंदौर आरटीओ (RTO Office, Near Residency में जाएं। अपने वाहन के साथ हाईटेक ट्रायल ट्रैक पर ड्राइविंग टेस्ट पास करें।