इंदौर

Hemant Sapkal Death: ‘पीछे गुंडे पड़े है, हत्या कर देंगे’, इंदौर में मौत से पहले हेमंत ने बहन को किया था फोन, मार्केट में दौड़ता दिखा

Hemant Sapkal Death Case: इंदौर में महाराष्ट्र के युवक की रहस्यमयी मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। परिवार के गंभीर आरोपों के बीच अब पुलिस ने CCTV फुटेज से बड़ा खुलासा किया है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 11:02 AM IST
hemant sapkal death case aghori video cctv police investigation
Hemant Sapkal Death Case: इंदौर में मौत से पहले हेमंत ने बहन को किया था फोन (फोटो सोर्स- Patrika enhanced by ChatGPT)

Hemant Sapkal Death Case: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में महाराष्ट्र के अकोला जिले के निवासी हेमंत सपकाल (29) की रहस्यमई मौत का मामला बहन के बयान के बाद और गरमा गया है। बहन ने ऐसा आरोप लगाया कि मामला सनसनीखेज हो गया। हेमंत के परिवारों के आरोपों के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। सोशल मीडिया पर बहन का बयान और कथित अघोरी के तंत्र-मंत्र से जुड़े। एक वीडियो चर्चा में है। हालांकि, एमजी रोड पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में हत्या या नरबलि के साक्ष्य नहीं मिले हैं।

शिवाजी मार्केट में दौड़ता दिखा हेमंत

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में हेमंत अकेले दौड़कर शिवाजी मार्केट पहुंचता और वहां चढ़ता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर तकनीकी साक्ष्य जांच में शामिल किए हैं। बता दें कि, इसी जगह पर 15 नवंबर को हेमंत का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था।

भाई ने फोन कर कहा था, मेरे पीछे गुंडे लगे हैं

हेमंत जब अकोला स्थित घर पहुंचा तो परिवार बदहवास हो गया। इसके बाद उसकी बहन ने स्थानीय मीडिया के सामने आकर बेहद गंभीर आरोप लगाए। मराठी में दिए बयान में उसने बताया कि 15 नवंबर को भाई का फोन आया था। उसने कहा था कि उसके पीछे गुंडे लगे हैं और उसकी हत्या हो सकती है। उसे उसी रात मार दिए जाने का डर था। बहन ने संदेह जताया कि उसके साथ मौजूद अघोरी ने ही हेमंत की नरबलि दी है। परिजनों ने यह आशंका भी जताई कि पैसों की बारिश कराने के लिए यह तांत्रिक प्रक्रिया की गई है और हेमंत की एक उंगली भी गायब की गई है। परिवार के मुताबिक, हेमंत अपने साथियों के साथ अमरावती, महाराष्ट्र जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह इंदौर कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं थी। पुलिस जांच कर रही है।

नीबू हवा में उड़ाने वाले विक्की अघोरी का वीडियो चर्चा में

15 नवंबर की घटना के बाद सोशल मीडिया पर विक्की अघोरी नाम के व्यक्ति का वीडियो भी चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि उसी अघोरी ने हेमंत को तंत्र-मंत्र के लिए अपने पास बुलाया था। उसका हवा में नींबू उड़ाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ लोगों ने इसे तंत्र-मंत्र से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने इसे हाथ की सफाई और ट्रिक बताया। हालांकि इस वीडियो और हेमंत की मौत के बीच किसी संबंध की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

टीआइ विजय सिंह सिसौदिया से सीधी बात

सवाल- क्या अकोला के युवक की मौत की वजह कुछ और है?

जवाब- रात नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है। हमने घटनास्थल की जांच की है। घटना की युवक खुद ही शिवाजी मार्केट पर दौड़कर आ रहा है। वह मार्केट में चढ़ता नजर आ रहा है। उसके आगे-पीछे कोई नहीं है। सीसीटीवी फुटेज में यह साफ दिख रहा है।

सवाल- परिजनों के नरबलि और अंगुली गायब होने का आरोप लगाया है?

जवाब- युवक की मौत ऊंचाई से गिरने से आई गंभीर चोटों के कारण हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। वहीं, कोई अंगुली गायब नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम के दौरान एक प्रक्रिया होती है, जिसमें डॉक्टर अंगुली के नाखून का सैंपल लेते हैं।

सवाल- युवक कैसे मार्केट तक पहुंचा?

जवाब- हेमंत अपने साथियों के साथ उज्जैन घूमने आया था। वहां से लौटते समय वह ट्रेन से इंदौर पहुंचा। वह साथियों को छोड़कर आया था। उसके साथी चले गए थे। इसके बाद वह दौड़ता हुआ मार्केट पहुंचा और फिर वहां से गिर गया।

Updated on:
21 Nov 2026, 11:02 AM IST
Published on: