
प्रमोद मिश्रा @ इंदौर. रूप के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाला हनीट्रैप गिरोह अफसर व मंत्रियों को ट्रैप कर कई बड़े काम लेने के साथ ही दूसरों को भी सरकारी ठेके दिला चुका है। इन्फिनिटी होटल के रिकॉर्ड से सामने आई रूपा भी गिरोह का मुख्य हिस्सा है, उसके जरिए भी कई बड़ी हस्तियों को वीडियो बनवाए गए हंै। रूपा दिल्ली में गिरोह का पूरा काम संभालती है, वहां अफसर-मंत्रियों से उसके संबंध है।
आरती व श्वेता विजय जैन ने पिछले दिनों एक कंपनी भी बना ली थी। एसएसपी के मुताबिक, आरोपियों ने वीडियो मोबाइल, लैपटॉप के साथ ही कहां-कहां सेव कर रखे हैं, इसकी पूछताछ हो रही है। कुछ वीडियो पुलिस को मिले हैं, यह बात सामने आई है कि गिरोह से जुड़ी कुछ अन्य युवतियों के पास भी वीडियो सेव है। उन्हें तलाशा जा रहा है। साथ ही ये लोग कम उम्र की लड़कियों को ग्रुप में जोड़ती थीं।
हरभजनसिंह से मिलने पहुंची थी रूपा
रिमांड पर पूछताछ के दौरान कई बड़ी हस्तियों को मोबाइल में कैद करने की बात तो सामने आई है, लेकिन पुलिस जानकारी देने से बच रही है। भोपाल के कई बड़े आइएएस-आइपीएस के साथ राजनेता भी शिकार बन चुके हैं। 30 अगस्त को नगर निगम के इंजीनियर हरभजनसिंह से मिलने के लिए आरती साथी मोनिका उर्फ सीमा यादव व रूपा अहिरवार के साथ पहुंची थी। होटल प्रबंधन ने तीनों के आधार कार्ड की कॉपी दी है, जिसमें मोनिका का नाम सीमा सोनी, जबकि आरती का नाम आरती सिंह है। रूपा के संबंध में आरती से पूछताछ हुई है।
वीडियो तो बने, शिकायत दर्ज नहीं कराई
एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने माना, वीडियो तो बने हैं, लेकिन अभी तक किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फारेंसिक लैब में मोबाइल-लैपटॉप में दर्ज वीडियो सामने आने से पूरा खुलासा हो जाएगा। आरोपी आरती ने बताया, रूपा मूल रूप से छतरपुर की निवासी है और दोनों की पुरानी दोस्ती है। कुछ समय से वह भी भोपाल में रहती है और आरती के साथ काम करती है।
must read : आरती से दूर होते ही मोनिका ने उगले राज
आरती ने कबूला कि रूपा के जरिए भी उन्होंने कई बड़ी हस्तियों के वीडियो बनाए हैं। हालांकि नामों का खुलासा नहीं किया। रूपा के बारे में और जानकारी देने में आरती बीमारी का बहना कर बच रही है। पुलिस आरोपियों की जमानत याचिका पर लगातर आपत्ति दर्ज कराएगी।
श्वेता कई वर्षों से ले रही ठेके
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि श्वेता पति विजय जैन वर्षों से अफसर-मंत्रियों के संपर्क व संबंध के चलते सत्ता के गलियारों में सक्रिय है। वह कई बड़े ठेके ले चुकी है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वे सत्ता व ठेकेदारों के बीच लाइजनिंग का काम कर रहे हैं। ठेके दिलाना, नौकरी लगाना, ट्रांसफर-पोस्टिंग सभी मामलों में संपर्कों का फायदा उठाया। से नजदीकी हासिल की। पुलिस मुख्यालय व प्रशासनिक मुख्यालय के आला अधिकारियों से उनकी नजदीकी सभी को पता है। श्वेता विजय जैन अपने संपर्कों के जरिए महाराष्ट्र में कई बड़े ठेके दूसरों को ठेके दिलाकर कमीशन वसूल चुकी है।
यह बात भी पता चला है कि श्वेता विजय व आरती ने पिछले दिनों सप्लायर के रूप में एक कंपनी भी बनाई थी। कंपनी ने क्या काम हासिल किए, इसकी जांच की जा रही है। एक अन्य आरोपी श्वेता पति स्वप्निल ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसके पति वर्षों से सरकारी ठेके लेकर काम कर रहे है। एसएसपी मिश्र ने कहा, जरूरत हुई तो आरोपी महिलाओं के पतियों को भी बुलाकर पूछताछ की जाएगी।
हरभजनसिंह के पास क्या अधिकार रहे
आरोपी युवतियों का कहना है कि हरभजनसिंह के जरिए कई ठेके हासिल किए, रिश्तेदारों को काम दिलवाए। पुलिस अब नगर निगम से पूछ रही है कि पिछले समय में हरभजनसिंह के पास क्या-क्या जिम्मेदारी रही और किस तरह से वे ठेके दिलाने में युवतियों की मदद करते रहे हैं। पद के दुरुपयोग के मामले में भी वे फंस सकते हैं।