इंदौर

युवती का खुलासाः नाना पटवारी के साथ ड्रग्स लेती थी, इंदौर के फ्लैट में मिलते भी थे हम

Nana Patwari Brown Sugar Case- इंदौर पुलिस की पूछताछ में एक युवती ने दावा किया है कि वह नाना पटवारी के साथ ड्रग्स और शराब का सेवन करती थी।
2 min read
Jul 11, 2026
Nana Patwari Drug Case
Nana Patwari Drug Case- नाना पटवारी से शनिवार को पूछताछ होगी।

Nana Patwari Drug Case- इंदौर ब्राउन शुगर केस में पकड़ाए दो तस्कर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी और उसके साथी का कनेक्शन पुलिस को मिला है। ड्रग्स तस्करी चेन खंगालने के लिए अब पुलिस ने आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों की सीडीआर को जांच में शामिल किया है। मामले में अब एक युवती की एंट्री हो गई है। नाना से लगातार संपर्क में रहने वाली युवती से पुलिस अधिकारी ने पूछताछ की। उसने अपनी सहेलियों संग नाना के साथ ड्रग्स सेवन करने का खुलासा किया है। पुलिस ने इन बातों को रिकॉर्ड में शामिल किया है। जांच में अहम जानकारी हाथ लगते ही पुलिस ने आरोपियों को ब्राउन शुगर बेचने वाले को भी दबोचा है। वहीं नाना और उसके साथी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।

जोन-1 डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाए इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी को कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया है। अब तक की पूछताछ में दोनों ने ब्राउन शुगर की खेप नाना पटवारी व मानव गंगवानी को देने जाने की बात बताई। इस पर नाना और मानव से पूछताछ की गई। इरफान ने बताया कि उसने बंबई बाजार से 10 हजार रुपए में गोलू बैंड से ब्राउन शुगर खरीदी थी। टीम ने गोलू को पकड़ा है। वहीं नाना को तकनीकी जांच में शामिल किया है। ड्रग्स की ट्रेल पता लगाने के लिए सीडीआर जांच भी हुई है।

कार में हमने ली ड्रग्स, साथ शराब भी पी

सूत्रों की मानें तो नाना पटवारी जिस युवती से लगातार संपर्क में रहता है, उसे पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया। युवती ने सहेलियों सहित नाना के साथ ड्रग्स और शराब का सेवन करने की बात उजागर की। उसने नाना के साथ कार में ड्रग्स लेने और शराब पीने की बात भी बताई। यही नहीं, वे अमितेष नगर और न्यूयॉर्क सिटी स्थित फ्लैट में मिलते भी थे। युवती ने नाना के ड्राइवर और उसके साथी को पहचानने की बात कही है। उक्त सभी बातें पुलिस ने रिकॉर्ड में शामिल की हैं।

आज होगी नाना से पूछताछ

डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि नाना पटवारी और उसके साथी मानव को नोटिस भेजा है। शनिवार को दोनों से पूछताछ करने जा रही है।

Updated on:
11 Jul 2026 10:16 am
Published on:
11 Jul 2026 10:15 am