
Indore News : मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर के अन्नपूर्णा इलाके में साइबर ठगोरों ने एक व्यवसायी को शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर करीब 85 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे दिया है। आरोपियों ने शुरू में फर्जी प्रॉफिट के चार्ट भेजा और अलग - अलग किस्तों में राशि जमा करवा ली और संपर्क तोड़ दिया। फिलहाल, मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात फरियादी कमलेश पंडित के साथ हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि, 31 जुलाई को मेरे पास एक फोन कॉल आया, जिसमें काल करने वाले ने खुद को मनी ग्रो लाइफ कंपनी का कर्मचारी बताकर शेयर मार्केट में अच्छा मुनाफा कमाने की योजना बताई। उसने किसी राजीव जैन नामक किसी वरिष्ठ अधिकारी से भी बात कराई। इस आरोपी ने निवेश से पहले आइडी बनाने की बात कहकर पेन कार्ड, आधार, बैंक खाते समेत अन्य जानकारी ले ली।
फरियादी के मुताबिक, मैंने 6 अगस्त को दस्तावेज और जानकारी वॉट्सएप पर भेजी। तब आइडी जनरेट कर 10 हजार रुपए से काम शुरू करने को कहा गया। क्यूआर कोड के जरिए 10 हजार रुपए जमा कराए गए। बाद में शेयर मार्केट का चार्ट भेजकर 1,015 रुपए का प्रॉफिट बताया गया और रकम अकाउंट में ट्रांसफर कर दी गई। इसके बाद 4,100 रुपए प्रॉफिट चार्ट भी भेजा ब्रोकरेज के नाम पर और रुपए जमा करवाए गए।
फरियादी ने बताया कि, अज्ञात आरोपियों ने राखी ऑफर का हवाला देकर 85 हजार रुपए जमा करने पर बोनस देने की बात कही। इस पर 31 अगस्त को मैंने 32,500 रुपए क्यूआर कोड के जरिए जमा करा दिए थे। लेकिन कोई रिटर्न नहीं दिया। कुछ समय बाद आरोपियों ने मुझे ग्रुप से ही बाहर कर दिया।