
Father-daughter Murder Case:एमपी के इंदौर शहर में एरोड्रम क्षेत्र में पिता और बहन के दोहरे सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने वाले फरार आरोपी पुलिस को लगातार चकमा दे रहा है। इस बीच ये पता चला है कि आरोपी ने हत्याकांड से चार-पांच माह पहले अपने दोस्तों से बातचीत और संपर्क लगभग बंद कर दिया था। पुलिस ने आरोपी मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली है। उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली और अंबाला की मिली थी। पुलिस के मुताबिक कालानी नगर स्थित फ्लैट में बहन हर्षिता यादव और हातोद इलाके में पिता राजू यादव की हत्या में फरार आरोपी हर्ष यादव की तलाश में पुलिस टीमें लगातार लोकेशन के आधार पर पीछा कर रही है। मगर वह चालाकी से लोकेशन बदल रहा है।
टीमों ने दिल्ली के बाद अंबाला (पंजाब) में भी स्थानीय पुलिस की मदद से कई स्थानों पर पड़ताल की मगर अभी पता नहीं चल पाया है। इधर, आरोपी के पकड़े गए नाबालिग साथी ने कई जानकारियां दी हैं। पुलिस ने आरोपी के दोस्तों की जानकारी निकाली और पूछताछ की तो पता चला कि दोस्तों से भी उसने संपर्क चार-पांच माह से तोड़ दिया था यानी हर्ष ने करीब 5 महीने पहले ही पिता राजू और बहन हर्षिता की हत्या का षडयंत्र रच लिया था। उसने रिश्तेदारों से मिलना-जुलना कम कर दिया था। ये भी पता चला है कि शराब के नशे में कहता था कि सब कुछ खत्म कर देगा। पुलिस उसकी तलाश में हर पहलू पर काम कर रही है। वह चाइनीज फूड बनाने का काम भी करता था। शक है कि वह किसी होटल या ढाबे पर काम कर सकता है। ऐसे हर पहलू पर जांच कर तलाश कर रही है।
एरोड्रम क्षेत्र में हाल ही में संपत्ति विवाद में बेटे ने पहले पिता को मारा, फिर सगी बहन का गला घोंटकर दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया। ऐसी यह अकेली घटना नहीं है, पारिवारिक या संपत्ति विवाद में शहर में पहले भी हो चुके हैं ऐसे 'रिश्तों के कई कत्ल'। पिछले एक-दो साल में इंदौर और आसपास में पारिवारिक विवाद, संपत्ति और पैसों को लेकर कई ऐसे हत्याकांड सामने आ चुके हैं, जिनमें कातिल कोई बाहर का नहीं, बल्कि घर का ही सदस्य निकला।
इससे पहले 11 नवंबर को राऊ इलाके की साई विहार कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। आरोपी पवन सोनी ने ने चाकू से पत्नी का गला रेत कर हत्या कर दी और फिर खुद ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। जांच में सामने आया कि पत्नी की एक युवक से बातचीत को लेकर दंपती में विवाद चल रहा था। मामले में पुलिस ने उस युवक के खिलाफ भी आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था।
पिछले माह किशनगंज क्षेत्र के विश्वास नगर में घरेलु विवाद में गुस्साई पत्नी ने पति की हत्या कर दी थी। घर में राशन और गैस सिलेंडर नहीं होने को लेकर दंपती के बीच शुरू हुआ विवाद हत्या में बदल गया था। इस दौरान आरोपी पत्नी सपना ने मोगरी से पति कालू पर ऐसा हमला किया कि उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर अंदरूनी चोटों की पुष्टि के बाद पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया था।
कुछ समय पहले थाना कनाडिय़ा इलाके में सनसनीखेज घटनाक्रम में शंका और पारिवारिक झगड़े में आरोपी पति ने पत्नी की हत्या कर दी और फिर दोनों बच्चों बेटी-बेटे को तालाब में फेंक दिया था। झलारिया क्षेत्र में हुई इस घटना में तालाब में डूबने से 10 वर्षीय बेटी की मौत हो गई थी, जबकि आरोपी की 8 वर्षीय बेटा तालाब से बच निकला था। उसने मरने का नाटक किया और पिता के जाने के बाद तालाब से निकलकर भागा और पुलिस तक पहुंच गया था। बालक की सूचना पर आरोपी को पुलिस ने झलारिया से पकड़ लिया था।