कम बारिश होने की वजह से शहर में अभी से पानी की किल्लत होने लगी है। यह देखते हुए निगम के जलप्रदाय विभाग ने शहर के 85 वार्डों में प्रारंभिक सर्वे कराया था। सर्वे रिपोर्ट में 20 में अभी से पानी की आपूर्ति गड़बड़ाने की बात सामने आई है। जो वार्ड रेड जोन में हैं, उनमें वार्ड- 16, 18, 26, 30, 31, 33, 37, 43, 44, 45, 51, 54, 55, 64, 70, 75, 77, 79, 82 और 85 शामिल हैं। इनमें से कई वार्डों की कॉलोनियों में नर्मदा की लाइन नहीं है, वहां टैंकरों पर निर्भरता है। कहीं हाईड्रेट भी सूखने लगे तो कहीं टैंकरों की संख्या कम पड़ रह रही है। जहां नर्मदा की सप्लाय है, वहां टंकियां पूरी नहीं भरने की शिकायतें सामने आ रही हैं। जहां बोरवेल पर निर्भरता है, वहां भूजल जल स्तर नीचे जाने से बोरवेल कम पानी देने लगे या फिर बोल गए हैं। कई जगह भूजल इतना नीचे जा चुका है कि 200-300 फीट तक के बोरवेल तो दम ही नहीं भर पा रहे।