Traffic Diversion Plan: तीन महीने बंद रहेगा जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा रोड...। इंदौर निगम ने जारी किया ट्रैफिक डायवर्शन प्लान, आज से बंद होगा रास्ता।
Traffic Diversion Plan: मास्टर प्लान के तहत इंदौर शहर के जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहे तक 60 फीट चौड़ी सड़क बनना है। पिछले दिनों जहां रोड चौड़ीकरण में बाधित निर्माणों को तोड़ा गया, वहीं आज से रास्ता बंद किया जा रहा है। इसको लेकर नगर निगम की योजना शाखा ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है ताकि सड़क बनाने में कोई दिक्कत न आए।
सड़क निर्माण कार्य चलने के दौरान शंकरगंज जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहे तक रोड तीन महीने बंद रहेगा। आज से वाहनों का आवागमन 27 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान उक्त क्षेत्र से आवागमन के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया गया है।
गौरतलब है कि जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहे 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने के लिए निगम ने पिछले दिनों बाधक निर्माण बड़ी संख्या में तोड़े थे। अब ङ्क्षजसी चौराहा से नेमीनाथ मंदिर तक तोडफ़ोड़ करने की तैयारी है, क्योंकि यह सड़क भी मास्टर प्लान के तहत 60 फीट चौड़ी बनेगी और बाधक निर्माण चिन्हित हो गए हैं।
निगम के अपर आयुक्तों ने छावनी के साथ लक्क्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहा तक बनने वाली रोड का भी निरीक्षण किया। इस रोड की भी चौड़ाई घटाकर 80 से 60 फीट कर दी गई है। इसके चलते लोग स्वयं ही तोडफ़ोड़ कर रहे हैं। इसके अलावा गुटकेश्वर महादेव मंदिर किला मैदान रोड से जूना रिसाला होते हुए सदर बाजार तक 60 फीट चौड़ी बनने वाली रोड का निरीक्षण भी अपर आयुक्तों ने किया, क्योंकि पर सेंट्रल लाइन डालने के साथ बाधक निर्माण चिन्हित हो गए हैं। बाधक निर्माण हटाकर रोड चौड़ीकरण शुरू करने की तैयारी है।
शहर के मुख्य मार्गों और कॉलोनी-मोहल्लों की सड़कों पर हुए गड्ढों को भरने की सुध नगर निगम के जनकार्य विभाग ने ली है। एक तरफ जहां बारिश के पहले डामर पैचवर्क का कार्य अभियान के रूप में चलाने की बात कही जा रही है, वहीं 10 जून के पहले सड़कों के गड्ढे भरने का दावा भी किया जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगमायुक्त क्षितिज ङ्क्षसघल ने जनकार्य विभाग के अफसरों को निर्देशित किया है कि बरसात व सुगम आवागमन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 10 जून के पहले मुख्य व व्यस्ततम मार्गों पर प्राथमिकता पर गुणवत्तापूर्ण पैचवर्क कार्य किया जाए।