इंदौर

बिरयानी के ठेले पर UPI पैमेंट करते ही पकड़ाया, इंदौर में लूट का बड़ा खुलासा

Indore Robbery Case : लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों बदमाशों ने एक ठेले पर बिरयानी खाई थी और ऑनलाइन पैमेंट किया था। पुलिस ने उसी पैमेंट की डिटेल निकालकर आरोपियों को दबोच लिया।
2 min read
Indore Robbery Case
Indore Robbery Case (इंदौर में डिलीवरी बॉय से लूट का खुलासा Photo Source- AI)

Indore News : मध्य प्रदेश के आर्थिक नगर इंदौर के एमआइजी थाना पुलिस ने शहर के एबी रोड पर जोमैटो कंपनी के एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई लूट का पर्दाफाश कर दिया है। मामला दर्ज होने के बाद एक्शन मोड में आई पुलिस ने इलाके के 120 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और बिरयानी के ठेले पर किए गए एक यूपीआई पैमेंट के जरिए लुटेरों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो और लूटा गया मोबाइल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जोन 01 डीसीपी अमन सिंह राठौड़ के अनुसार, मूल रूप से शिवपुरी में रहने वाले 24 वर्षीय हिम्मत सिंह जाटव इंदौर में सिंगापुर टाउनशिप में रहते हैं और पिछले दो साल से जोमैटो में डिलीवरी बॉय है। 07 अगस्त 2026 की देर रात 2 बजे बाइक से एबी रोड पर जा रहे थे। एलआइजी गुरुद्वारे के पास पीछे से आए ऑटो में सवार बदमाशों ने गाड़ी रुकवाई और मोबाइल छीनकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने टीमों का गठन किया और एलआइजी चौराहे से लवकुश चौराहे तक के करीब 120 कैमरों के फुटेज खंगाले।

150 रुपए की बिरयानी खाकर किया था UPI पैमेंट

Indore Robbery Case (डिलीवरी बॉय से लूट की वारदात को अंजाम देते बदमाश Photo Source- CCTV)

बैक-ट्रैकिंग के दौरान पता चला कि, वारदात से पहले आरोपी एबी रोड बिल्डिंग के पास बिरयानी के ठेले पर रुके थे। ठेले वाले ने बताया, ऑटो सवार एक लड़का, एक लड़की और चालक ने 150 रुपए की बिरयानी खाई थी और 400 रुपए यूपीआई से पैमेंट कर 250 रुपए केश वापस लिए थे।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

पुलिस टीम ने यूपीआई ट्रांजेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर की डिटेल निकाली और लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने घेराबंदी कर ऑटो चालक 20 वर्षीय राज पिता सुनील निवासी पल्हर नगर और उसके साथी 22 वर्षीय जय पिता दिनेश निवासी राज नगर को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, आरोपियों ने पूछताछ में वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया है।

Updated on:
13 Aug 2026 11:01 am
Published on:
13 Aug 2026 11:01 am