इंदौर

इंदौर में लूट से फैली सनसनी, मोबाइल, नकदी और बाइक छीनकर शख्स को कुएं में फेंका

Indore Robbery : रातभर दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाता रहा पीड़ित। सुबह ग्रामीणों ने आवाज सुनकर कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने गंभीर हालत में ढाबा कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया।
2 min read
Indore Robbery
इंदौर में लूट से फैली सनसनी (Photo Source- Patrika)

Indore Robbery :मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सिमरोल थाना इलाके में बदमाशों द्वारा युवक के साथ लूट और हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ढाबे से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे एक कर्मचारी को रास्ते में तीन बदमाशों ने पहले लूटा, फिर उसे जान से मारने की नीयत से कुएं में फेंक दिया। पिटाई और कुएं में गिरने से गंभीर घायल युवक दर्द से कराहते हुए पूरी रात कुएं में पड़ा मदद के लिए चिल्लाता रहा। सुबह ग्रामीणों ने जब उसकी आवाज सुनी तो उसे कुएं से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके दोनों पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, संजय यादव निवासी गिरीराज वेली ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वो तिल्लौर के एक ढाबे पर खाना बनाने का काम करता है। देर रात वो बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने हाथ देकर उसे रोकने की कोशिश की। सुनसान इलाका और देर रात होने के कारण संजय नहीं रुका और आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर पहुंचते ही दो बदमाश बाइक से उसके पीछे आ गए। आरोपियों ने चलते वाहन पर संजय को डंडा मार दिया, जिससे वो असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा।

गिरते ही टूट पड़े बदमाश

गिरते ही तीनों बदमाश उस पर टूट पड़े। आरोपियों ने पहले तो बेरहमी से संजय के साथ मारपीट की और उसके पास रखा मोबाइल, नकदी और बाइक लूट ली। इसके बाद भी बदमाशों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने घायल संजय को उठाया और पास ही स्थित एक कुएं में फेंक दिया। बदमाशों को लगा कि, कुएं में गिरने से संजय की मौत हो जाएगी।

गंभीर रूप से हुआ घायल

कुएं में गिरने और मारपीट के कारण संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में कई फ्रैक्चर आए हैं। पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सुबह ग्रामीण ने सुनी आवाज

संजय पूरी रात कुएं में घायल हालत में पड़ा रहा। वो लगातार मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन रात अधिक होने के कारण उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी। सुबह वहां से गुजर रहे युवक को कुएं के अंदर से आवाज सुनाई दी। उसने पास जाकर देखा तो संजय घायल हालत में लहुलुहान अंदर पड़ा था, लेकिन अकेले उसे बाहर निकालना संभव नहीं था। संजय ने युवक को अपने घर का पता बताया। युवक ने कॉलोनी पहुंचकर परिजन को सूचना दी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रस्सियों से बांधकर उसे बाहर निकाला। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जो तुरंत उसे अस्पताल ले गई।

Updated on:
11 May 2026 12:29 pm
Published on:
11 May 2026 12:29 pm