
Indore news: बेंगलूरु की शिवगंगा पहाड़ी ट्रैकिंग पर गए एमपी के इंदौर के कारोबारी परिवार के आइटी इंजीनियर बेटे के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले में कई नए पहलू सामने आ रहे है। बीते तीन दिनों से पहाड़ी पर पुलिस का सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। केस में कई चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। लापता युवक का भोपाल की एक युवती से कनेक्शन सामने आया है। पुलिस जांच में उक्त युवती ने खुद को उसकी मंगेतर बताया है। पुलिस ने लापता इंजीनियर के घर से लैपटॉप और अन्य उपकरणों को जांच में शामिल किया है।
सूत्रों की मानें तो स्थानीय पुलिस ने इंजीनियर के बेंगलूरु स्थित घर में तलाशी ली है। वहां से एक लैपटॉप मिला है, जिसमें मैसेज मिला है। इस मैसेज के क्या मायने हैं। इस दिशा में वहां की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह ट्रैकिंग पर जाने से पहले अद्वैत ने मंगेतर प्राप्ति चौहान को आखिरी तस्वीर भेजी थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन संपर्क टूट गया। पहाड़ी की चोटी पर अन्य ट्रैकर्स की खींची गई एक तस्वीर में भी अद्वैत दिखाई दिया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके बाद अद्वैत किस दिशा में गया और उसके साथ आगे क्या हुआ।
सूत्रों की मानें तो लापता इंजीनियर जिस युवती के संपर्क में थे, उसे उनकी मंगेतर बताया जा रहा है। उक्त युवती भोपाल की रहने वाली है। पुलिस ने युवती के संबंध में जानकारी जुटाई है। अब पुलिस युवती के भोपाल निवासी परिजन से मुलाकात करेगी। वहां से टीम रवाना हो गई है। लापता इंजीनियर के पिता इंदौर में कारोबारी हैं, उनसे भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
मूल रूप से इंदौर निवासी और फिलहाल बेंगलूरु के मैत्री लेआउट में रह रहे अद्वैत उपाध्याय (31) शुक्रवार सुबह 6.45 बजे शिवगंगा पहाड़ी पर पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में इस बात की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच में ये बात भी सामने आई कि सुबह करीब 8.30 बजे उन्होंने मंगेतर प्राप्ति चौहान को वीडियो कॉल कर फोटो भी भेजी थी। दोपहर 1 बजे बाद मोबाइल का संपर्क टूट गया और शाम 5 बजे फोन बंद हो गया। पुलिस जांच में पता चला है कि पहाड़ी पर ट्रैकिंग पर जाने के लिए अद्वैत ने किराये की बाइक ली थी। उक्त बाइक भी वहां एक स्थान पर मिली है। पुलिस बारिश के चलते ट्रैकिंग के दौरान पहाड़ी पर पैर फिसलने व अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। शिवगंगा पहाड़ी पर शांताला पॉइंट है। ये करीब 600 से 700 फीट ऊंचा है। यहां अक्सर युवा जाते हैं, उक्त पॉइंट से भी इंजीनियर के गिरने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक लापता युवक की तलाश में 60 पुलिसकर्मी, एसडीआरएफ, पुलिस अधिकारियों की टीम जुटी हुई है। जंगल का कोना-कोना छान चुके पुलिसकर्मी का कहना है कि उन्हें अब तक कोई नहीं मिला। बारिश के दौरान भी सर्चिंग जारी रही। ड्रोन की मदद से जंगल में तलाश कर रहे हैं। सोमवार को भी दिनभर सर्चिंग जारी रही।
क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले में इंदौर निवासी परिजन ने स्थानीय पुलिस से संपर्क नहीं किया है। न ही बेंगलूरु पुलिस ने इंदौर पुलिस से संपर्क किया है। यदि इंदौर में रहने वाले परिजन बेटे की तलाश को लेकर इंदौर पुलिस से संपर्क करते हैं तो उनकी मदद की जाएगी।
वाइटफील्ड संभाग के पुलिस उपायुक्त सैदुल अदावत ने बताया कि अद्वैत की पहाड़ी पार्किंग, शांताला ड्रॉप, जंगल में तलाश जारी है। जांच के दौरान उनका लैपटॉप मिला। इसमें एआइ की मदद से शांताला ड्रॉप से गिरने से व्यक्ति की मौत कितने समय में हो सकती है, इस तरह की बातें लिखी हैं। आशंका है कि इसके बाद ही इंजीनियर ने पहाड़ी पर जाने की प्लानिंग की होगी।