
Indore Jam Ghat Bus Brake Failure: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में शुक्रवार शाम को एक बड़ा हादसा टल गया। घटना जाम घाट की है जहां 51 स्टूडेंट्स और शिक्षिका को लेकर जा रही बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। खतरनाक ढलान और सामने लगातार आते तीखे मोड़ों के बीच भी ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और बस को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित रोक लिया। हादसे में किसी भी विद्यार्थी या शिक्षिका को चोट नहीं आई। घटना की जानकारी मिलते ही मंडलेश्वर व्यापारी संघ अध्यक्ष भरत राठौड़ ने तत्काल मदद के लिए तीन वाहन मौके पर भेजे। इन वाहनों से सभी विद्यार्थियों और शिक्षिका को सुरक्षित मंडलेश्वर लाया गया।
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कोपरगांव की यूनिवर्सिटी के 51 विद्यार्थी और एक शिक्षिका इंदौर की एक यूनिवर्सिटी में आयोजित सेमिनार में शामिल होने आए थे। दल ने सबसे पहले ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इसके बाद आइआइटी और इंदौर की एक अन्य यूनिवर्सिटी का भ्रमण किया। शुक्रवार को दल जाम घाट के रास्ते महेश्वर जा रहा था। जैसे ही वाहन घाट के खतरनाक हिस्से में पहुंचा, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। ढलान के कारण वाहन की गति बढऩे लगी और आगे लगातार तीखे मोड़ होने से स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ब्रेक फेल होने के बाद वाहन ढलान पर आगे बढ़ने लगा था। विद्यार्थियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान ड्राइवर ने तत्काल स्थिति को भांपा और वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उसने वाहन को मोड़ की दिशा में संभालते हुए सुरक्षित रोक लिया। जाम घाट जैसे खतरनाक मार्ग पर यदि वाहन कुछ और आगे अनियंत्रित होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ ने 51 विद्यार्थियों समेत सभी की जान बचा ली।
दल के साथ मौजूद शिक्षिका सीमा ने बताया कि ब्रेक फेल होने के बाद कुछ समय के लिए स्थिति काफी चिंताजनक हो गई थी। ढलान पर वाहन की गति बढ़ रही थी और लगातार तीखे मोड़ सामने आ रहे थे। ऐसे में ड्राइवर ने समय रहते वाहन संभाल लिया। उन्होंने कहा कि यदि ड्राइवर ने समय पर सही निर्णय नहीं लिया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उसकी सूझबूझ के कारण सभी सुरक्षित हैं।