
Indore News : गणेशोत्सव के दिनों में मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में स्थित प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए इस बार बेहद अहम कदम उठाया गया है। गणेशोत्सव के दौरान मंदिर आने वाले करीब 20 लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर के लिए 20 करोड़ रुपए का बीमा कवच कराया गया है। बता दें कि, ये पहली बार है जब मंदिर आने वाले भक्तों की सुरक्षा के लिए इतना बड़ा बीमा कराया गया है।
मंदिर प्रबंध समिति ने ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड से पब्लिक लायबिलिटी पॉलिसी कराई है। इसके तहत गणेशोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना से होने वाले नुकसान के लिए निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा उपलब्ध रहेगी। इसी दुर्घटना या अप्रिय घटना के समय मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु बीमा के हकदार होंगे और उन्हें इसका लाभ मिलेगा।
खास बात ये है कि, पिछले कई साल से मंदिर में 2 करोड़ रुपए का बीमा कराया जा रहा था, जिसे इस बार 10 गुना बढ़ाकर इस बार बीमा राशि 20 करोड़ कर दी गई है। बता दें कि, खजराना मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गणेश उत्सव होने के कारण इस बार भक्तों की संख्या पिछले वर्ष मुकाबले और ज्यादा होने की उम्मीद है। इसी वजह से सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन की ओर से ये अहम फैसला लिया गया है।
-कुल बीमा कवर: 20 करोड़ रुपए
-पिछले साल का बीमा कवर: 2 करोड़ रुपए
-इस बार कितनी बढ़ोतरी हुई: 10 गुना
-कवरेज: मंदिर परिसर में दुर्घटना से होने वाली जनहानि और अन्य क्षति
-पार्किंग: निर्धारित शर्तों के तहत वाहनों को नुकसान भी कवर
-भुगतान: पॉलिसी की पात्रता, सीमा और शर्तों के अनुसार
-संभावित श्रद्धालु: गणेशोत्सव के दौरान करीब 20 लाख