
Chhatron Ki Goonj: इंदौर में राहुल गांधी से छात्र कर सकेंगे सीधे सवाल (फोटो सोर्स- Rahul Gandhi Instagram)
Rahul Gandhi: छात्रों की गूंज कार्यक्रम (Chhatron Ki Goonj) 19 सितंबर को रीजनल पार्क के सामने इंदौर विकास प्राधिकरण के खाली मैदान पर होगा। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने मैदान पर तैयारियां तेज कर दी है। इसके साथ ही बरसात को देखते हुए सारी व्यवस्था की जा रही है ताकि कार्यक्रम में आने वाले जेन जी को कोई दिक्कत न हो। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे, जिनसे छात्र-छात्राएं सीधा संवाद करने के साथ सवाल करेंगे। कांग्रेसियों का मानना है कि यह कार्यक्रम युवाओं और छात्रों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में 19 सितंबर की शाम को रीजनल पार्क के सामने प्राधिकरण के मैदान में होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। यह कार्यक्रम छात्रों के हितों की रक्षा, शिक्षा की सुरक्षा और देश के नवनिर्माण की दिशा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने प्राधिकरण में 10 लाख रुपए से ज्यादा जमा कराने के साथ मैदान पर तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होंगे। पार्टी की ओर से अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए लगातार संपर्क और पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि मैदान पर 1 लाख 5 हजार वर्गफीट का डोम बनाया जा रहा है, जिसमें छात्र और युवा रहेंगे। डोम में बरसात का पानी नहीं आए ऐसी व्यवस्था की गई है। बारिश के चलते मैदान पर हुए कीचड़ पर चूरी डाली गई है। उन्होने कहा कि मंच पर राहुल गांधी अकेले रहेंगे जो कि जेन-जी और स्टूडेंट्स से सीधा संवाद करेंगे। छात्र-छात्राएं उनसे अपने सवाल साझा कर सकेंगे और शिक्षा, रोजगार तथा भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकेंगे।
छात्र-छात्राएं राहुल गांधी से रेंडमली सवाल पूछेंगे, क्योंकि पहले से कुछ तय नहीं होगा। शहर अध्यक्ष चौकसे ने युवाओं और स्टूडेंट्स से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मैदान में बारिश के कारण पानी भरने की चुनौती सामने आई थी, जिसके बाद कांग्रेस और प्रशासन के स्तर पर तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज कर दी गई है।
Updated on:
15 Sept 2026 02:42 pm
Published on:
15 Sept 2026 02:42 pm
