Madhav Tiwari-तीन जून से होने वाले एमपीएल के लिए पसीना बहा रहे आइपीएल में धमाल मचाने वाले इंदौर के गेंदबाज माधव तिवारी, सौ टका खरे उतरे, अब अगला लक्ष्य टीम इंडिया
Madhav Tiwari- इंदौर के कई बल्लेबाज और गेंदबाज नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर धूम मचा चुके हैं। इन्हीं में हैं ऑल राउंडर माधव तिवारी जिन्होंने आइपीएल 2026 के सीजन में शानदार प्रदर्शन कर बीसीसीआइ के चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। आइपीएल में दिल्ली डेयर डेविल्स के लिए दूसरा सीजन खेलने वाले इंदौर के माधव को दिल्ली ने 40 लाख में रिटेन किया था। 2026 में माधव ने दो मैच में 4 विकेट लिए। धर्मशाला में पंजाब के खिलाफ खेले मैच में दो विकेट लिए और 8 बॉल पर 18 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। शहर में तीन जून से होने वाले एमपीएल के लिए सोमवार को इंदौर पहुंचे माधव से पत्रिका ने विशेष चर्चा की।
एमपीएल के लिए क्या तैयारी की ?
कुछ खास नहीं। आइपीएल का अनुभव एमपीएल में काम आएगा। इस फटाफट क्रिकेट में शहर के क्रिकेटप्रेमियों के सामने चमकीला प्रदर्शन करने का प्रयास करूंगा।
आइपीएल का अनुभव कैसा रहा?
मेरा यह दूसरा आइपीएल सीजन रहा। दूसरे सीजन में 4 विकेट लिए। अनुभव बेहद शानदार रहा।
अगला लक्ष्य क्या है?
होलकर स्टेडियम में तीन जून से होने वाले एमपी लीग की तैयारी कर रहा हूं। इसमें अपनी टीम उज्जैन को सिरमौर बनाने का प्रयास करूंगा।
मैंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी से उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखा है। मप्र रणजी टीम में अगर चयनकर्ता मौका देंगे तो अपना 100 प्रतिशत देकर कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
क्रिकेट में आपका लक्ष्य क्या है?
हर क्रिकेट खिलाड़ी का सपना भारतीय टीम की कैप पहनना होता है। चयनकर्ता मुझे मौका देंगे तो अपना शत-प्रतिशत योगदान दूंगा।
आप अपनी सफलता का श्रेय किसे देंगे?
मेरी सफलता का श्रेय कोच व पूर्व क्रिकेटर अमय खुरासिया और अपने पिता को देता हूं। इनके प्रयासों से मैं आज इस मुकाम पर पहुंचा हूं।
गौरतलब है कि माधव तिवारी इंदौर डिवीजन की अंडर-15 और अंडर-18 टीमों के लिए खेल चुके हैं। वे मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में भी 2 सीजन खेल चुके हैं। माधव तिवारी मध्य प्रदेश की अंडर 19 और अंडर 23 टीम का भी प्रधिनिधित्व कर चुके हैं। मध्यप्रदेश के ये युवा आलराउंडर सिर्फ 22 साल हैं। पिछले सीजन में आईपीएल डेब्यू करने वाले माधव ने पहले गेंदबाजी करते हुए पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली का बड़ा विकेट अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 18 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स को सीजन की पांचवीं जीत दिलाई। माधव को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।