Minister Kailash Vijayvargiya: क्या विजयवर्गीय सही में ‘टेम्परेरी मंत्री’ हो चले हैं... पुराने वीडियो में कही बात और जलूद के कार्यक्रम में मंत्री की गैरमौजूदगी को मिलाकर देख रहे हैं लोग...।
Minister Kailash Vijayvargiya: सोशल मीडिया पर पिछले दिनों वायरल एक पुराने वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि मैं तो टेम्परेरी मंत्री हूं, कभी भी ‘भूतपूर्व मंत्री’ हो सकता हूं….। इस वीडियो और इसमें कही गई बात के मायने अब निकाले जा रहे हैं और लोग पूछने लगे हैं कि क्या सचमुच विजयवर्गीय टेम्परेरी मंत्री हो चले हैं।
दरअसल बुधवार को इस चर्चा को हवा तब मिली, जब जलूद के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए, इंदौर के तमाम बड़े नेता दिखे, लेकिन अपने विभाग का आयोजन होने के बाद भी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय कहीं नजर नहीं आए। कहा जा रहा है कि जब और जिस तरह से उन्हें कार्यक्रम की सूचना दी गई, इससे वे खफा रहे। सूचना देरी से और बेरुखी से क्यों दी गई, अब इसके उत्तर और उनके अर्थ खोजे जा रहे हैं।
नगरीय प्रशासन मंत्री(Minister Kailash Vijayvargiya) की अपनी सरकार से कथित नाराजगी कई बार पहले भी चर्चा का विषय बनती रही है। बुधवार को जलूद में सोलर प्लांट का लोकार्पण हुआ। बताया जा रहा है कि विजयवर्गीय इंदौर में ही थे, फिर भी आयोजन से दूरी बना ली। इससे पहले भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के दौरान भी इस तरह का वाकया हो चुका है। निजी स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण में मंत्रीजी मौजूद थे, लेकिन जब मुख्यमंत्री के आने का समय हुआ उस दौरान वहां से रवाना हो गए। यह एक बार नहीं हुआ है, कई बार इस तरह की बातें सामने आई हैं।
कैबिनेट की बैठकों से कई बार उनकी अनुपस्थिति को भी इस कथित नाराजगी से जोड़ा जाता रहा है। बुधवार को हुए घटनाक्रम के बाद नाराजगी को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कही गई बात से भी जोड़ा जा रहा है। वीडियो में विजयवर्गीय ने गायक द्वारका मंत्री के सामने कहा था, ये तो स्थायी मंत्री हैं और मैं टेम्परेरी मंत्री हूं। ये हमेशा मंत्री रहेंगे और मैं कभी भी ‘भूतपूर्व’ बन सकता हूं।
मंत्री विजयवर्गीय(Minister Kailash Vijayvargiya) की नाराजगी और पटरी नहीं बैठने को कांग्रेस भी समय-समय पर उठाती रहती है। पिछले दिनों पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंत्री के अबोलेपन पर चुटकी ली थी। मास्टर प्लान जारी नहीं होने के लेकर पटवारी ने कहा था कि नगरीय प्रशासन मंत्री के दोनों हाथ शोले के ठाकुर जैसे कटे हुए हैं।