इंदौर

मानसून के आते ही छाए काले बादल, बह उठा झरना…

monsoon: झूम कर आया मानसून...जामगेट पर उतर आए काले बादल, पातालपानी में बहने लगा झरना...।

2 min read
Jun 19, 2025
monsoon
मानसून के आते ही छाए काले बादल। (फोटो सोर्स- पत्रिका)

monsoon: मध्यप्रदेश में मानसून ने तेजी से अधिकतर जिलों को कवर कर लिया है। इंदौर में भी मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। इंदौर में मानसून की दस्तक के साथ ही जिले के प्राकृतिक स्थल गुलजार हो गए हैं। गुरुवार सुबह से लेकर शाम तक आसमान में काले बादलों का डेरा जमा रहा। इस दौरान क्षेत्र के पर्यटन स्थल जामगेट का नजारा लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था।

जामगेट पर उतरे काले बादल, बहने लगा पातालपानी का झरना

काले बादलों ने जामगेट की पहाड़ी को पूरी तरह अपने आगोश में ले लिया। यह नजारा ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे आसमान से काले बादलों का डेरा जामगेट की सुंदरता को निहारने खुद पहाड़ी पर उतर आया हो। हल्की फुहारों के बीच जामगेट पर बड़ी संख्या में सैलानी प्रकृति के मनमोहक नजारों को निहारने पहुंचे थे। क्षेत्र का सबसे आकर्षक पर्यटन स्थल पातालपानी का झरना गुरुवार को मानसून की पहली बारिश में ही बहने लगा। बारिश होने से यहां नदी में पानी का बहाव बढ़ने से झरने की रौनक लौट आई। इसे निहारने के लिए बड़ी संख्या में लोग पातालपानी क्षेत्र पहुंचे।


विंध्याचल के पहाड़ों से हुआ लैंड स्लाइड

इतना ही नहीं पहली बारिश में ही विंध्याचल के पहाड़ों पर पानी बहने लगा है, वहीं पहाड़ों से लैंड स्लाइड भी होना शुरु हो गया। गुरुवार सुबह जामगेट से मंडलेश्वर पहुंच मार्ग पर दो स्थानों पर पहाड़ों से पत्थर आकर गिरे। जामगेट के सुरक्षाकर्मी जितेंद्र बारिया ने बताया कि दो जगह हल्की लैंड स्लाइड हुई। इससे सड़क पर पत्थर आ गए।

Published on:
19 Jun 2025 07:33 pm