
इंदौर में पकड़ाईं 20 हजार अवैध गर्भपात किट- फोटो: Patrika enhanced AI
Abortion Kits : इंदौर में ड्रग डिपार्टमेंट (औषधि विभाग) और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गर्भपात किट (Abortion Kits) जब्त की हैं। दो अलग-अलग गोदामों पर छापा मारकर ये बरामदगी की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश के बाद शुरु की गई कार्रवाई में अब तक कुल मिलाकर 20 हजार के करीब गर्भपात किट बरामद हो चुकी हैं। इतनी बड़ी मात्रा में गर्भपात किट बरामद होने पर बवाल मच गया है। लोगों का कहना है कि ये किट क्यों बुलाई गईं, इसकी गहराई से जांच की जानी चाहिए।
अवैध गर्भपात किट जब्त करने की कार्रवाई 3 दिन पहले शुरु की गई थी। पहली बड़ी कार्रवाई धार कोठी क्षेत्र में हुई जहां क्वालिटी फार्मा पर गुरुवार रात छापा मारा गया। 24 सितंबर को सेंट रेफियल स्कूल के पास पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची थी। धार कोठी स्थित क्वालिटी फार्मा से जुड़े गोदाम पर कार्रवाई में टीम ने 10000 से अधिक अवैध गर्भपात किट और अन्य दवाएं जब्त कीं। जब्त की गई कुल दवाओं का बाजार मूल्य करीब 52 लाख रुपए आंकी गया है।
बताया जा रहा है कि संबंधित फर्म लाइसेंसी तो है लेकिन उसके कर्ताधर्ता दवाओं के भंडारण और बिक्री से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड या दस्तावेज मौके पर पेश नहीं कर सके। जांच में यह बात भी सामने आई कि करीब 9000 किट पहले ही बेची जा चुकी हैं।
धार कोठी में मिली कामयाबी और वहां से मिले सुरागों के आधार पर दूसरी कार्रवाई लसूड़िया मोरी के मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स पर की गई। 26 सितंबर को टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित गोदाम पर छापा मारा। यहां से टीम को 9360 पैक 'सेफ-टी किट' (गर्भपात किट) मिले। बाजार में इनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ड्रग डिपार्टमेंट दस्तावेजों और स्टॉक की बारीकी से जांच कर रहा है। औषधि विभाग की टीमें इस बात की भी गहन जांच कर रही हैं कि इतनी मात्रा में गर्भपात किट का स्टॉक किस उद्देश्य से और कहां से लाया गया था। साथ ही इनकी सप्लाई कहां-कहां की जानी थी।
Updated on:
27 Sept 2026 12:54 pm
Published on:
27 Sept 2026 12:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
