
Indore news: करियर की तेज रफ्तार अब लोगों की मानसिक सेहत पर भारी पडऩे लगी है। लंबे कार्य के घंटे, बढ़ती प्रतिस्पर्धा, शादी के बाद जिम्मेदारियों का दबाव और हर हाल में बेहतर करने की होड़ ने मानसिक थकान को आम कर दिया है। इसका असर सिर्फ खिलाड़ी और सेलिब्रिटी तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नौकरीपेशा और प्रोफेशनल्स भी इसकी चपेट में हैं। हालात यह हैं कि इंदौर में हर महीने 500 से ज्यादा मेंटल हेल्थ से जुड़े केस सामने आ रहे हैं। कोविड से पहले जहां एंजाइटी और डिप्रेशन के औसतन 30 केस आते थे, अब यह संख्या बढ़कर 70 तक पहुंच गई है। इसी के साथ कम उम्र में करियर ब्रेक और जल्दी रिटायरमेंट का ट्रेंड भी उभरकर सामने आया है।
साइकोलॉजिस्ट डॉ. वंदना पाटिल बताती हैं कि काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। 10 से 12 घंटे की नौकरी, छुट्टी का अभाव और हर समय टारगेट पूरा करने की मजबूरी लोगों को मानसिक रूप से तोड़ रही है। लंबे समय तक लगातार काम करने से लोग पूरी तरह थक जाते हैं। यही कारण है कि हर महीने 50 से 80 लोग ऐसे सामने आ रहे हैं जो बकायदा करियर ब्रेक ले रहे हैं। कई लोग बड़ी सैलरी की नौकरी छोड़कर अपना स्टार्टअप या फिर छोटी नौकरी को चुन रहे हैं।
साइकोलॉजिस्ट सेजल चावला बताती हैं कि पहले वर्क स्ट्रेस से जुड़े केस कम आते थे, लेकिन अब हर महीने कम से कम 4 नए केस सिर्फ वर्क लाइफ बैलेंस को लेकर सामने आ रहे हैं। कई लोग इंदौर में रहकर मुंबई या यूएस की कंपनियों के लिए वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं, जिससे स्ट्रेस और एंजाइटी और बढ़ गई है।
एक्सपर्ट डॉ. संजीव श्रीवास्तव बताते हैं कि करियर से ब्रेक लेना कमजोरी नहीं है। यह खुद को संभालने और लंबे समय तक मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का तरीका है। बदलते दौर में सफलता की सबसे बड़ी शर्त अब मानसिक स्वास्थ्य बनती जा रही है। इस ब्रेक में कई लोग बाहर घूमने जाते है। कई ध्यान और योग के जरिए अपनी हेल्थ को सुधारने पर फोकस करते हैं। इसके अलावा कुछ लोग थैरेपी के माध्यम से भी इस समस्या का समाधान ढूंढ़ते हैं।
काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट अजय शर्मा के अनुसार यह ट्रेंड पुरुषों में ज्यादा नजर आ रहा है। शादी के बाद जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं और वर्क लाइफ बैलेंस बिगडऩे लगता है। उनके पास 3 से 4 ऐसे केस आए हैं, जहां हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को 45 से 50 साल की उम्र में ही रिटायरमेंट का फैसला लेना पड़ा। कई मामलों में आगे बढऩे की चाह होती है, लेकिन मानसिक स्थिति साथ नहीं दे पाती।