इंदौर

MP Board Exam: 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के सैंपल पेपर जारी, नए पैटर्न से होगी परीक्षा

10th and 12th Board Exam: मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं परीक्षाओं में एप्लीकेशन बेस्ड प्रश्नों पर जोर दिया है, अब रटंत विद्या काम नहीं आएगी।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 2:05 PM IST
बोर्ड परीक्षा, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
बोर्ड परीक्षा, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

MP Board Exam: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में इस बार विद्यार्थियों के लिए चुनौती बढऩे वाली है। माशिमं ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए नए पैटर्न पर आधारित सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं। इनमें विषयवार प्रश्नों और अंकों का वितरण दिया गया है। स्कूलों में विद्यार्थियों को इनके माध्यम से अभ्यास कराया जा रहा है। बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। टीचर्स का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य विद्यार्थियों में विषयों की गहरी समझ और तार्किक क्षमता विकसित करना है।

एप्लीकेशन बेस्ड प्रश्नों के जरिए यह परखा जाएगा कि विद्यार्थी सीखी हुई जानकारी का वास्तविक परिस्थितियों में कितना उपयोग कर सकते हैं। इससे परीक्षा में केवल याददाश्त के आधार पर अच्छे अंक लाना मुश्किल होगा। शिक्षकों को भी पढ़ाई के तरीके में बदलाव करना होगा और उदाहरणों के माध्यम से विषय समझाने पर जोर देना पड़ेगा। विद्यार्थियों को नियमित रिवीजन के साथ लिखकर उत्तर देने का अभ्यास भी करना होगा। नए पैटर्न को देखते हुए स्कूलों ने सैंपल पेपर के आधार पर तैयारी तेज कर दी है।

बदला होगा परीक्षा का पैटर्न

सत्र 2026-27 की परीक्षाओं में अब रटकर सवालों के जवाब देना आसान नहीं होगा। मंडल ने प्रश्नपत्रों के पैटर्न में बदलाव करते हुए एप्लीकेशन बेस्ड प्रश्नों पर जोर दिया है। यानी विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ विषयों की अवधारणाओं और उनके व्यावहारिक उपयोग की समझ भी विकसित करनी होगी। इसके लिए अब चुनिंदा महत्वपूर्ण प्रश्नों के बजाय पूरी किताब पढऩा जरूरी होगा। मंडल की कार्यपालिका समिति की बैठक में प्रश्नपत्रों के आंतरिक विकल्पों को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया है। नए पैटर्न में मुख्य विषयों के दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प नहीं मिलेगा। हालांकि, तीन अंकों के लघुउत्तरीय और चार अंकों के दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में पहले की तरह विकल्प की सुविधा रहेगी। वहीं, एनएसक्यूएफ विषयों में पांच अंकों के दीर्घ उत्तरीय और सात अंकों के निबंधात्मक प्रश्नों में आंतरिक विकल्प दिए जाएंगे।

10वीं में सभी छह विषयों में होना होगा पास

इस बार 10वीं में बेस्ट ऑफ फाइव योजना भी लागू नहीं होगी। ऐसे में विद्यार्थियों को छह में से पांच विषयों के आधार पर पास होने की सुविधा नहीं मिलेगी। सभी छह विषयों में उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इससे विद्यार्थियों को हर विषय पर समान रूप से ध्यान देना पड़ेगा।

Updated on:
12 Nov 2026, 2:05 PM IST
Published on: