MP Cabinet: लोकमाता अहिल्या के 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के राजवाड़ा में लेंगे कैबिनेट मीटिंग, 80 साल बाद यहां फिर सज रहा 'लोकतंत्र दरबार', तैयारियां पूरी...
MP Cabinet: लोकमाता अहिल्या के 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav)अपनी सरकार की कैबिनेट मीटिंग (Cabinet Meeting) मंगलवार को इंदौर में करने जा रहे हैं, जिसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री सहित अधिकतर सदस्य आज सोमवार 19 मई को इंदौर पहुंचे। सभी शाम को मां अहिल्या के जीवन पर आधारित नाट्य देखेंगे और रात को सराफा चौपाटी पर मालवा के लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे।
राजबाड़ा परिसर (Rajwada) वर्षों बाद एक बार फिर होलकर राज दरबार की तरह सजकर तैयार है, जहां मंगलवार को मोहन सरकार की कैबिनेट मीटिंग (Cabinet Meeting In Indore) होने जा रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने मंत्रिमंडल के साथ गणेश हाल में प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे। यह अवसर खास है क्योंकि करीब 80 साल पहले इसी राजबाड़ा में आखिरी बार होलकर वंश का दरबार सजा था।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा, एडीएम रोशन राय व रिंकेश वैश्य ने तैयारियों का जायजा लिया। नीचे के हॉल में बैठक होगी तो ऊपर दरबार हॉल में भोजन होगा। लता मंगेशकर हॉल में अहिल्या नाट्य होगा।
बैठक में शामिल होने सोमवार शाम सीएम और उनकी कैबिनेट के करीब 31 सदस्य इंदौर पहुंच जाएंगे। शाम 6 बजे राजबाड़ा पर भाजपा की प्रदर्शनी की लोकार्पण होगा, जो विकास पर आधारित होगी। शाम 7 बजे राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम हॉल में अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नाट्य का मंचन होगा, जिसमें सभी शामिल होंगे। रात 9.30 बजे राजबाड़ा व गोपाल मंदिर के बीच में सराफा चौपाटी लगेगी, जिसमें परंपरागत व्यंजनों को रखा जाएगा।
कैबिनेट मीटिंग से पहले बुधवार सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री सहित पूरी कैबिनेट चिडिय़ाघर पहुंचेगी। वहां पर घूमने के बाद सभी लालबाग पैलेस जाएंगे। बाद में कैबिनेट की बैठक में शामिल होने राजबाड़ा पहुंचेंगे।
नगर भाजपा अध्यक्ष मिश्रा के मुताबिक इंदौर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों की राजबाड़ा पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शहर को देश में नंबर वन बनाने वाले प्रोजेक्ट को सामने रखा जाएगा। इसमें हुकमचंद मिल, इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट, स्वच्छता और डिजिटलाइजेशन आदि को रखा जाएगा।
कैबिनेट मीटिंग में शामिल होने वालों का स्वागत मालवी अंदाज में होगा। तिलक लगाकर पगड़ी पहनाई जाएगी। बैठक के बाद भोजन में भी मालवी व्यंजन होंगे। दाल-बाटी, लड्डू, चूरमा, दही बड़ा, केसर श्रीखंड और मैंगो रबड़ी रहेगी।
राजबाड़ा परिसर में अस्थायी सचिवालय बनाया जाएगा, जहां से सभी प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन होगा। मौके पर विशेष पुलिस दल तैनात रहेगा। इधर, कलेक्टर आशीष सिंह ने मंत्री व अधिकारियों के समन्वय के लिए 150 से अधिक लाइजनिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, जिनकी सुबह बैठक ली गई। सभी को अपने-अपने काम से अवगत करा दिया कर साफ कहा है कि दूसरी जगह की आपको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इधर, ट्रैफिक पुलिस को भी चाक-चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सुशासन, स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और महिला कल्याण की मिसाल मां अहिल्या का 300वां जयंती वर्ष सरकार मना रही है। सम्मान में प्रदेश सरकार की कैबिनेट 20 मई को इंदौर के राजबाड़ा में होगी। ये मां अहिल्या के जीवन और योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने का पुण्य अवसर होगा।
बैठक में जनता के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। 20 से 31 मई तक पूरे राज्य में अलग-अलग सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनकी शुरुआत 19 मई को मां अहिल्या के जीवन के विविध पहलुओं को एक लघु नाटिका से होगी। ये प्रस्तुति नागपुर, महाराष्ट्र से आए सुघड़ कलाकारों द्वारा दी जाएगी।
कैबिनेट बैठक के लिए राजवाड़ा के गणेश हाल को खास रूप से सजाया गया है। पारंपरिक होलकरकालीन शैली में सजाए जा रहे इस दरबार में मालवी संस्कृति की खूबसूरत झलक नजर आएगी। बैठक के लिए 15x50 फीट की बड़ी टेबल लगाई गई है। विशेष कुर्सियां और एक विशाल स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्य सचिव प्रमुख के लिए विशेष स्थान सजाए गए हैं।