MP Honeytrap Scandal: श्वेता जैन ने कई बड़े नेताओं को हनीट्रैप में फंसाया था, नेताओं के अश्लील वीडियो कई दिनों तक उजागर होते रहे...। पढ़ें विस्तार से...।
MP Honeytrap Scandal- 2019 में मध्यप्रदेश के बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में कई राजनेताओं को फंसाने वाली श्वेता जैन फिर चर्चाओं में आ गई है। इस बार एक शराब कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर एक करोड़ रुपए की वसूली करने का मामला उजागर हुआ है। क्राइम ब्रांच ने भोपाल से श्वेता जैन को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही एक महिला शराब तस्कर, उसके बेटे, एक प्रॉपर्टी कारोबारी और इंटेलिजेंस शाखा में पदस्थ हेड कांस्टेबल को भी हिरासत में लिया है। इन सभी पर आरोप है कि निजी पलों के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक करोड़ रुपए की डिमांड कर रहे थे।
एक बार फिर मीनाल रेसीडेंसी के एक बंगले में हलचल थी। इंदौर से सोमवार शाम को आई क्राइम ब्रांच ने यहां से श्वेता जैन को हिरासत में लेकर इंदौर पहुंच गई। मंगलवार को उससे पूछताछ की जा रही है। श्वेता जैन मध्यप्रदेश के चर्चित हनी ट्रैप मामलों की प्रमुख आरोपियों में शामिल थी। 2019 में कई नेताओं, अफसरों को ब्लैकमेल करने के आरोप उस पर लगे थे। इस मामले में भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं के नाम जुड़ने लगे थे और प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया था। मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में यह कांड कई वर्षों तक लगातार चर्चाओं में रहा। कब किसका नाम उजागर हो जाए, इस बात से ही कई राजनेता डरने लगे थे। श्वेता के पुराने मामलों को लेकर भूले भी नहीं थे कि यह नया मामला सामने आ गया। हालांकि श्वेता जैन को लेकर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
इंदौर क्राइम ब्रांच के मुताबिक बाणगंगा थाना क्षेत्र के शराब कारोबारी ने एक करोड़ रुपए की वसूली को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी शराब के साथ प्रॉपर्टी कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। कुछ वर्ष पहले द्वारकापुरी निवासी अलका दीक्षित (अवैध शराब तस्कर) से पहचान हुई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया कि अलका ने कारोबारी की मुलाकात खंडवा-पीथमपुर निवासी लाखन चौधरी से करवाई थी। लाखन ने खुद को बड़ा निवेशक बताते हुए देवास, धार, खंडवा और आसपास के क्षेत्रों में प्रॉपर्टी बिजनेस में साझेदारी का प्रस्ताव दिया। कारोबारी ने प्रस्ताव ठुकरा दिया तो आरोपितों ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी कड़ी में 2019 के दौर की हनीट्रैप की प्रमुख आरोपी रही श्वेता के भी तार जुड़ने लगे। इस मामले में आगे और भी कई खुलासे होने की उम्मीद है।