
शहर में अलग-अलग तरीकों से हो रही ठगी की वारदातें (फोटो सोर्स: AI Generated)
Indore News:मध्य प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सूबे के आर्थिक शहर इंदौर के हालात इनमें सबसे खराब हैं। शहर में साइबर ठगी के अजीबो गरीब मामले सामने आ रहे हैं। शातिर ठग लोगों को हर बार नए नए तरीकों से ठगी का शिकार बना रहे हैं। हालही में सामने आए ठगी के ऐसे पांच मामलों के बारे में जाने अबतक की ठगी के तरीकों में नए हैं। इन्हें बताने का मूल उद्देश्य खबर के साथ-साथ आमजन को जागरूक करना है, ताकि आप या आपके आसपास के लोग इस तरह की वारदातों से बच सकें।
खरीदारी के लिए इंदौर आए शाजापुर के एक व्यापारी के साथ करीब सवा लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। मोबाइल फोन रिपेयरिंग करवाने के बाद व्यापारी के बैंक खाते से चार ट्रांजेक्शन में ये राशि ठगोरों ने उड़ा ली। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी की वारदात शाजापुर के इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी सुनील कुमार सोनी के साथ गत 5 सितंबर को हुई। पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में फरियादी ने बताया कि, वे इंदौर खरीदारी के लिए आए थे। उसी दौरान अचानक मोबाइल फोन बंद हो गया था। इस पर उन्होंने जेल रोड स्थित एक मोबाइल शॉप पर मोबाइल फोन सुधरवाया था।
बाद में जब मोबाइल फोन चालू किया और बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला कि, खाते से 1 लाख 22 हजार 935 रुपए निकल गए। फरियादी के मुताबिक, अज्ञात आरोपी ने चार ट्रांजेक्शन 73 हजार 935 रुपए, 15 हजार रुपए, 16 हजार रुपए और 18 हजार रुपए के चार ट्रांजेक्शन कर लिए थे। जबकि, उन्होंने खुद कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया और न ही किसी किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था। मामले में कोतवाली थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस तकनीकी जांच के सहारे मोबाइल फोन और बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
शहर के बेटमा इलाके में साइबर ठगोरों ने एक युवती को इंस्टाग्राम पर आईफोन गिफ्ट का झांसा देकर 41 हजार की ठगी को अंजाम दे दिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात फरियादी साक्षी पिता कमल किशोर करण निवासी मारुति नगर सागौर कुटी के साथ हुई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि, 24 अगस्त को एक इंस्टाग्राम आइडी से मुझे अज्ञात आरोपी ने एक लिंक भेजा। फिर वाट्सएप कॉल कर कहा गया कि, मात्र 3 हजार रुपए प्रोसेसिंग चार्ज में आईफोन गिफ्ट में दिया जाएगा। इस तरह से आरोपी ने झांसा दिया और राशि ट्रांसफर करवा ली। युवती ने बताया कि आरोपियों ने कुल 41 हजार रुपए ठग लिए।
रावजी बाजार इलाके में अज्ञात आरोपी ने एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 56 हजार रुपए उड़ा लिए। पुलिस ने जांच शरू कर दी है। थाना रावजी बाजार पुलिस के मुताबिक वारदात फरियादी अशफाक खान निवासी चंपा बाग के साथ 10 सितंबर को दोपहर 2.10 से रात 8.10 के बीच हुई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि अज्ञात आरोपी ने फोन हैक कर लिया और यूपीआइ के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर ली।
हीरानगर इलाके में यूपी के एक युवक के बैंक अकाउंट का दुरूपयोग कर दोस्तों ने धोखाधड़ी कर दी। पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक फरियादी आलोक तिवारी निवासी रायबरेली (यूपी) की रिपोर्ट पर आरोपी सुरेंद्र चौहान निवासी नेहरू नगर इंदौर, मोहित कुशवाह निवासी पांचू कुमार की चाल इंदौर, अमितेश रघुवंशी निवासी गुना और श्याम रघुवंशी निवासी ग्राम महाना जिला अशोक नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि 30 जुलाई को घटना हुई। आरोपियों ने मिलकर मेरे अकाउंट का गलत इस्तेमाल किया।
सांवेर क्षेत्र में एक किसान को सस्ता डीजल दिलाने के नाम पर आरोपियों ने 1.15 लाख की ठगी को अंजाम दे दिया। पुलिस के मुताबिक वारदात फरियादी ओम पटेल निवासी ग्राम नागपुर के साथ 8 सितंबर को सुबह 11 बजे जेके ढाबा बडोदिया खान पर हुई। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। फरियादी ने बताया कि क्यूआर कोड के माध्यम से आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
Updated on:
12 Sept 2026 03:10 pm
Published on:
12 Sept 2026 03:10 pm
