
इंदौर में ब्यूटीशियन की मौत पर परिजन बेहद दुखी हैं- फोटो सोर्स : patrika enhanced ai grok
Indore News : इंदौर की होटल में ब्यूटीशियन महिला की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। उसके कारोबारी दोस्त दीपक खंडेलवाल ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने उसके पत्नी और बच्चों को शुक्रवार को थाने बुलाया था। दबाव बढ़ने पर दीपक खंडेलवाल खुद ही थाने पहुंच गया। इस बीच मामले में अभी किसी के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही केस दर्ज किया जाएगा। इधर घटना में सामाजिक और पारिवारिक संवेदना भी उजागर हुई। महिला का पति करीब एक साल से अलग रह रहा था पर उसे मृत देख आंसुओं के माध्यम से जज्बात छलक उठे। दोनों बेटियों का भी रो रोकर बुरा हाल हो चुका है।
ब्यूटीशियन महिला की संदिग्ध मौत मामले में तिलक नगर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की है, जिसमें महिला को उठाकर कार में रखने का फुटेज कैद हुआ है। फुटेज में महिला से होटल में मिलने आए कारोबारी दीपक खंडेलवाल भी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि महिला की होटल में ही मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक होटल में ठहरी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुक्रवार को ही शव का पोस्टमॉर्टम करा लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लगेगा। पुलिस ने महिला का विसरा भी जांच के लिए भेजने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलने पर पति व परिवार के सदस्य इंदौर आ गए थे। पति पत्नी पिछले एक साल से अलग रह रहे थे। महिला अपनी दोनों बेटियों के साथ इंदौर में रहती थी। अलगाव के बावजूद पत्नी की मौत पर पति भावुक हो उठा। अपनी मां के यूं चले जाने से बेटियां भी बार बार रो उठती हैं। पति ने पत्नी से होटल में मिलने आए शख्स के बारे में आठ दिन बाद अहम जानकारी देने की बात कही है।
गौरतलब है कि महिला की तबीयत बिगडऩे पर कारोबारी दीपक खंडेलवाल उसे कार से निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। वहां से महिला के परिजन को सूचना दी थी। जब महिला की मौत हो गई तो अस्पताल से चला गया।
इंदौर पुलिस के सूत्रों के मुताबिक ब्यूटीशियन महिला की मौत मामले में कारोबारी दीपक खंडेलवाल को हिरासत में ले लिया गया है। पता चला है कि शुक्रवार को देर रात बायपास इलाके से उसे हिरासत में लिया गया। महिला की मौत के बाद दीपक खंडेलवाल फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी पत्नी और बच्चों को थाने बुलाया। इसके बाद दीपक खंडेलवाल सरेंडर करने खुद थाने पहुंच गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
12 Sept 2026 02:19 pm
Published on:
12 Sept 2026 02:16 pm
