mp news: आरोपी ने पत्नी को बचाने आई बेटी पर भी किया हमला, घायल हालत में इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती।
mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर के लसूडिया थाने में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति थाने पहुंचा और बताया कि उसने अपनी बीवी को मार डाला है। आरोपी ने खुद अपना जुर्म कबूल किया जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया और मौके पर पहुंची। आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के साथ ही बीच-बचाव करने आई अपनी बेटी पर भी चाकू से हमला किया था जिसके कारण उसे चोटें आई हैं और इलाज के लिए बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की वजह चरित्र संदेह सामने आई है।
घटना लसूडिया थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 के पास की झुग्गी बस्ती की है। जहां आरोपी संजय चौहान अपनी पत्नी सुमन व 14 साल की बेटी तानी के साथ रहता था। शनिवार की सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान आरोपी पति संजय ने चाकू से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर बेटी तानी बीच बचाव करने आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया। जिससे बेटी को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल किया।
आरोपी संजय चौहान पत्नी सुमन के चरित्र पर संदेह करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पत्नी से पहले भी विवाद हुआ था जिसकी शिकायत पत्नी ने पुलिस में दर्ज कराई थी और आरोपी पति संजय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद भी पति नहीं सुधरा और पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था इसी कारण उनके बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार को भी विवाद हुआ और आरोपी ने पत्नी की हत्या कर बेटी को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस को ये भी पता चला है कि आरोपी और मृतका दोनों की ये दूसरी शादी थी।