इंदौर

एमपी के इस शहर से मुंबई-अहमदाबाद के लिए बनेगी लिंक रोड

mp news: मध्यप्रदेश में बनेगा पोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर, सीधे गुजरात-मुंबई बंदरगाह भेजा जाएगा माल…।
2 min read
Mar 06, 2025
link road

mp news: मध्यप्रदेश में तेजी से विकास के काम चल रहे हैं। नए उद्योग खुल रहे हैं लेकिन मध्यप्रदेश में तैयार माल को बंदरगाहों तक पहुंचाने के लिए काफी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। ऐसे में अब मध्यप्रदेश को मुंबई और अहमदाबाद से जोड़ने के लिए लिंक रोड बनाई जाएगी। इंदौर-पीथमपुर के उद्योगों का माल आसानी से गुजरात और मुंबई के बंदरगाह तक पहुंचाया जाए इसके लिए सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सुझाव दिए थे। जिसके बाद पीथमपुर को सीधे अहमदाबाद और मुंबई बंदरगाह से जोड़े जाने के लिए पोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर बनाया जाएगा।

इंदौर-मुंबई और इंदौर-अहमदाबाद के लिए पीथमपुर से लिंक रोड निकाली जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इंदौर-मुंबई राजमार्ग पर इंदौर-खलघाट सेक्शन का विस्तार करेंगे। ताकि पीथमपुर से निकलने वाले कंटेनर जल्दी बंदरगाह पहुंच सके। कुछ महीने पहले इंदौर-खंडवा राजमार्ग का हवाई निरीक्षण करने के बाद मंत्री गडकरी ने समीक्षा बैठक ली, जिसमें पोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर पर जोर दिया था। मुंबई-गुजरात के पोर्ट पर माल भेजने के लिए सीधा रास्ता नहीं है। ट्रैफिक अधिक होने से उद्योगों को बंदरगाह तक माल पहुंचने में पांच दिन का समय लगता है। यह उद्योगों के सामने सबसे बड़ी समस्या है। इसका समाधान निकालने के लिए कई राजमार्ग को इंदौर-पीथमपुर से जोड़ने की तैयार कर ली गई है।



पोर्ट कॉरिडोर से मुंबई और गुजरात के तीन बंदरगाह इंदौर से जुड़ेंगे। इसमें गुजरात में सूरत के नजदीक हजीरा और कंडला बंदरगाह व नवी मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट शामिल है। पीथमपुर से इंदौर- अहमदाबाद राजमार्ग की लिंक रोड थांदला से जुड़ेगी। यह 40 किमी का हिस्सा है। मार्ग को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा। इंदौर-मुंबई राजमार्ग के खलघाट सेक्शन का विस्तार किया जाएगा। फोरलेन से सिक्स लेन में तब्दील होगा।

Updated on:
06 Mar 2025 10:27 pm
Published on:
06 Mar 2025 10:27 pm