इंदौर

UAE में फंसे MP के सैकड़ों लोग, शारजाह-इंदौर फ्लाइट बंद, हवाई टिकट 1 लाख रुपए पार

MP news: मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका असर अब मध्यप्रदेश पर भी नजर आने लगा है... इंदौर-शारजाह-इंदौर फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है, यूएई में फंसे एमपी के सैकड़ों लोगों की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब दूसरे शहर के लिए फ्लाइट टिकट एक लाख रुपए तक पहुंच गया
2 min read
Mar 10, 2026
Sharjah Indore Flight Cancelled
Sharjah Indore Flight Cancelled (photo:patrika creative)

MP news: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी पड़ने लगा है। शारजाह से इंदौर के बीच चलने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को एक बार फिर झटका लगा है। कंपनी ने शारजाह-इंदौर-शारजाह फ्लाइट को 22 मार्च तक के लिए कैंसिल कर दिया गया है।

इस फैसले के बाद यूएई में फंसे इंदौर सहित मध्य प्रदेश के सैकड़ों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कंपनी ने अपनी वेबसाइट से भी इस फ्लाइट को हटा दिया है, जिससे यात्रियों को अब दुबई या अन्य शहरों के रास्ते भारत लौटना पड़ रहा है।

पहले शारजाह एयरपोर्ट बंद होने का दिया गया था कारण

शुरुआत में एयरलाइन की ओर से कहा गया था कि शारजाह एयरपोर्ट बंद होने के कारण फ्लाइट को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। लेकिन अब एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो चुका है, इसके बावजूद कंपनी ने इंदौर के लिए फ्लाइट शुरू नहीं की है। इससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बन गई है।

12-15 हजार की टिकट अब 1 लाख रुपए में

यात्रियों का कहना है कि उन्होंने पहले 12 से 15 हजार रुपए में शारजाह से इंदौर की टिकट बुक की थी, लेकिन अब जब वे दुबई या अन्य शहरों से भारत आने के लिए फ्लाइट तलाश रहे हैं तो, टिकट की कीमत 80 हजार से 1 लाख रुपए तक पहुंच गई है।

एयरलाइन ने फिलहाल 22 मार्च तक की सभी फ्लाइट्स सिस्टम से हटा दी हैं, जबकि वेबसाइट पर अब 23 मार्च से बुकिंग दिखाई जा रही है। हालांकि यात्रियों को अब भी भरोसा नहीं है कि उस तारीख से उड़ान शुरू होगी या नहीं।

इंदौर एयरपोर्ट पर भी यात्रियों की परेशानी

इधर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर भी सोमवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टार एयर ने मुंबई और गोंदिया से आने-जाने वाली अपनी चारों उड़ानों को अचानक निरस्त कर दिया, इससे कई यात्री एयरपोर्ट पर ही फंस गए। दरअसल स्टार एयर ने 15 जनवरी से इंदौर-मुंबई-गोंदिया रूट पर उड़ान शुरू की थी।

ये था शेड्यूल

-शाम 5:50 बजे मुंबई से इंदौर
-6:20 बजे इंदौर से गोंदिया
-रात 9:30 बजे गोंदिया से इंदौर
-रात 10 बजे इंदौर से मुंबई

लेकिन सोमवार को इन सभी उड़ानों को कंपनी ने ऑपरेशनल कारणों का हवाला देकर रद्द कर दिया है। जब यात्री एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें, फ्लाइट निरस्त होने की जानकारी मिली। यात्रियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की, लेकिन एयरलाइन्स ने उन्हें सिर्फ रिफंड या री-बुकिंग का विकल्प दिया।

Updated on:
10 Mar 2026 04:42 pm
Published on:
10 Mar 2026 04:38 pm