इंदौर

MP Politics: ‘चिंता मत करना लाड़ली बहना… शिवराज भैय्या गए, जीतू भैय्या आ गया’

MP Politics: कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रिका से चर्चा में कहा, बोले- बहनों को 3000 रुपए दिलाने की हम लड़ेंगे लड़ाई, सबको साथ लेकर संगठन को करेंगे मजबूत...  

2 min read
Dec 19, 2023

MP Politics: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 'सबको साथ लेकर कांग्रेस को मजबूत करेंगे। लाड़ली बहनों को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। शिवराज भैय्या गए तो उनका जीतू भैय्या आ गया है, जो उन्हें तीन हजार रुपए दिलाने के लिए लड़ाई लड़ेगा।' पत्रिका से चर्चा में जीतू पटवारी ने कई मुद्दों पर बात की।

कांग्रेस के रोडमैप पर पटवारी से बातचीत

सवाल:कांग्रेस को आपसे बहुत उम्मीदें हैं, युवाओं को जोड़ने के लिए क्या प्रयास करेंगे?

जवाब: संगठन में कांग्रेस का नव निर्माण किया जाएगा। आज भी हमारे पास 40 प्रतिशत वोट हैं, जिसे 51 प्रतिशत तक पहुंचाने का हम प्रयास करेंगे। कांग्रेस का विचार देश का विचार है। इंसानियत की रक्षा कांग्रेस की भावना है। जन-जन को जोड़ा जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हम सड़क पर लड़ेंगे। सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। सड़क से सदन तक हम सक्रिय रहेंगे।

सवाल: आप खुद किसान हैं। किसान फसलों की कीमत को लेकर संतुष्ट नहीं हैं, उनकी मांगों को लेकर कांग्रेस क्या करेगी?

जवाब: खेती-किसानी की बात आए तो उसमें राजनीतिक लाभ-हानि नहीं होनी चहिए। किसान सबका पेट भरते हैं। अन्नदाता भगवान का स्वरूप है। उनके हितों की रक्षा व सुविधा के लिए कांग्रेस कटिबद्ध है। उनके लिए आंदोलन करना होगा तो हम तैयार हैं।

सवाल: लाड़ली बहना योजना का कांग्रेस के पास क्या तोड़ है? लोकसभा में कैसे निपटेंगे?

जवाब: भाजपा ने मोदी की गारंटी में बहनाओं को तीन हजार रुपए देने की बात कही है। शिवराज जी ने भी बड़े-बड़े आयोजनों में वचन दिए थे। अब सरकार को 25 हजार करोड़ का कर्ज लेना पड़ रहा है। कैबिनेट की पहली बैठक में ही तीन हजार रुपए करने चाहिए थे। हमारा दायित्व है कि बहनों का साथ दें। बहनों को कहना चाहता हूं कि शिवराज भैय्या गया, जीतू भैय्या आ गया है। चिंता करने की बात नहीं है। हम आपकी लड़ाई लड़ेंगे।

सवाल: कांग्रेस में गुटबाजी को कैसे दूर करेंगे?

जवाब: यह सामूहिक नेतृत्व और जिम्मेदारियों की कांग्रेस है। मुझे अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। सारे मुद्दों पर सब मिलकर काम करेंगे तो गुटबाजी नहीं बचेगी। मेरा कहना है कि छोड़ो कल की बातें-कल की बात पुरानी, नए दौर में लिखेंगे-मिलकर नई कहानी।

सवाल: लोकसभा 2014 में कांग्रेस के खाते में महज एक सीट आई थी, इस बार क्या उम्मीद है?

जवाब: लोकसभा चुनाव चुनौती है, लेकिन हमारा प्रदर्शन अच्छा होगा। इस संबंध में मैंने दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से बात की है। आने वाले समय में कांग्रेस के सकारात्मक प्रयास नजर आने लगेंगे।

सवाल: लोकसभा में टिकट वितरण का क्या पैमाना होगा?

जवाब: टिकट तय करना पार्टी की व्यवस्था होती है। सामूहिक रूप से रणनीति बनाकर पारदर्शिता से पार्टी व प्रदेश के हित में फैसले लिए जाएंगे।

सवाल: प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल कब तक होंगे, क्या जिला अध्यक्ष बदले जाएंगे?

जवाब: इस संबंध में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

Published on:
19 Dec 2023 07:13 am
Also Read
View All